शहर

'गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर में नमो भारत के 11 और मेट्रो के 18 स्टेशन होंगे'

गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर में 11 RRTS और 18 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। 72.44 किमी लंबे इस मार्ग से जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रा का समय भी घटेगा।

Image

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक मिलेगी कनेक्टिविटी

गाजियाबाद-जेवर के 72.44 किलोमीटर लंबे गलियारे पर 'नमो भारत' सेवाओं के लिए प्रस्तावित स्टेशनों में गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा शेयर किए गए स्टेशन विवरण में यह जानकारी दी गई।

इस गलियारे पर कुल 11 स्टेशनों पर नमो भारत सेवाएं प्रदान करेंगी, जबकि मार्ग में पड़ने वाले 18 स्टेशन स्थानीय मेट्रो सेवाएं मुहैया कराएंगी। इससे यात्री गाजियाबाद, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच क्षेत्रीय रैपिड रेल और स्थानीय मेट्रो - दोनों से सफर कर सकेंगे।

हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि यह गलियारा अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) के स्तर पर है। NCRTC के अनुसार, 72.44 किलोमीटर लंबा यह गलियारा दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे के गाजियाबाद स्टेशन को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगा। कुल लंबाई में से लगभग 71.5 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि 1.29 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड होगा।

गलियारे पर प्रस्तावित नमो भारत स्टेशन हैं - गाजियाबाद दक्षिण, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12, सूरजपुर, अल्फा-1, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा नॉर्थ (सेक्टर-18), यीडा सेंट्रल (सेक्टर-21) और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा।

प्रस्तावित मार्ग के अनुसार, मेट्रो स्टेशनों में सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा सेक्टर 16सी, इकोटेक 12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (सेक्टर-4), ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, नॉलेज पार्क 5, पुलिस लाइंस सूरजपुर, इकोटेक-2, नॉलेज पार्क-3, ओमेगा-2, फाई-3, इकोटेक-1ई, इकोटेक-8, दादुपुर, जुनेदपुर, यीडा सेक्टर-17, यीडा सेक्टर-15 और यीडा सेक्टर-33 शामिल हैं।

इस गलियारे पर अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति की योजना बनाई गई है और इससे गाजियाबाद, नोएडा और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 40 से 50 मिनट रह जाने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article