Ghaziabad News: गाजियाबाद में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 15 वर्षीय किशोरी कमरे के अंदर फंस गई। जिसे बचाने के दौरान उसके पिता भी झुलस गए। दोनों तो गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन बेटी की जान बच न सकी। वहीं पिता का अस्पताल में इलाज जारी है।
3 लोगों ने बालकनी में जाकर बचाई जान
जानकारी के अनुसार, यह हादसा कौशांबी थाना क्षेत्र के भौवापुर गांव में शनिवार रात हुआ। खाना बनाते समय गैस लीकेज के कारण सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जिसके बाद सुल्तानपुर निवासी गुड्डू, उनकी पत्नी और बेटा किसी तरह बालकनी में पहुंच गए। लेकिन उनकी 15 वर्षीय बेटी कमरे में ही फंस गई। बेटी को फंसा देख उसके पिता गुड्डू अपनी जान की परवाह किए बिना आग की लपटों के बीच उसे बचाने के लिए अंदर पहुंचे। इस दौरान पिता और बेटी दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए यशोदा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान 15 वर्षीय किशोरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, पिता गुड्डू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले में जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस लीक होने के कारण सिलेंडर में आग लगने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता करने के लिए जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
