Surat Dog Attack: सूरत के पर्वत पाटिया इलाके की रुद्रमणि सोसाइटी में 7 साल के एक बच्चे पर पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे के परिवार का आरोप है कि कुत्ते के मालिक ने जानबूझकर यह हमला करवाया। परिवार ने यह भी दावा किया कि कुत्ते के मालिक और उसका भाई उन्हें धमकी दे रहे हैं। कथित तौर पर उन्होंने कहा, "जहां शिकायत करनी है करो, हमसे कोई कुछ नहीं कर पाएगा।"
मालिक के भाई ने भी धमकी दी, "तुम मुझे कुछ नहीं कर सकते, सब कोर्ट में देख लेंगे।" घटना के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि बच्चा अपनी साइकिल से खेल रहा था, तभी कुत्ते की मालकिन उसे लेकर एक घर के पीछे गई और बच्चा कुत्ते के पास चला गया, जिसके बाद कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। दूसरे फुटेज में घायल बच्चा लंगड़ाता हुआ नजर आया। परिवार ने तुरंत बच्चे को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया और सूरत के पूना पुलिस थाने, नगर निगम आयुक्त और नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
