शहर

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! गौर चौक पर जल्द शुरू होगा सीधा रास्ता

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 16, 2026, 09:37 AM IST

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक पर बन रहे 700 मीटर लंबे अंडरपास का स्लैब लगभग पूरा हो चुका है। इसे वाहनों के लिए जल्द ही खोल दिया जाएगा। इससे नोएडा, पर्थला ब्रिज और एक मूर्ति की ओर आने-जाने वाले वाहनों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक (चार मूर्ति) से गुजरने वाले लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से जल्द ही राहत मिलने वाली है। इस चौराहे पर बन रहे अंडरपास के स्लैब का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। इसे जल्द ही वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। जिससे गाड़ियां सीधे इसके ऊपर से गुजर सकेंगी। इसके खुलने से लोगों को लंबा घुमावदार रास्ते से जानें की जरूरत नहीं पड़ेगी और ट्रैफिक भी सुचारू रूप से चल सकेगा।

अधिकारियों के मुताबिक, गोलचक्कर को हटा दिए जाने के बाद नोएडा और पर्थला ब्रिज की ओर से आने वाले वाहन सीधे गौर चौक और एक मूर्ति की ओर जा सकेंगे। वहीं एक मूर्ति की ओर से नोएडा जाने वाले वाहन भी बिना किसी रुकावट सीधे जा सकेंगे। हालांकि ताज हाईवे से आने-जाने वाले वाहनों को फिलहाल लेफ्ट टर्न लेकर यू-टर्न से होकर गुजरना होगा।

6 महीने में पूरा होगा अंडरपास

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बचा हुआ काम तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गोलचक्कर पर बने नए स्लैब को जल्द आम जनता के लिए खोला जाएगा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी। हालांकि पूरे अंडरपास प्रोजेक्ट का काम पूरा होने में लगभग छह महीने का समय लगेगा।

गौर सिटी और DME से कनेक्टिविटी होगी बेहतर

लगभग 700 मीटर लंबे इस अंडरपास का निर्माण ताज हाईवे के समानांतर किया जा रहा है। इस छह लेन के प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 92 करोड़ रुपये है। इस अंडरपास के बनने से गौर चौक पर लगने वाले भारी ट्रैफिक से राहत मिलेगी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी भी होगी।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को मिलेगी राहत

गौर चौक ग्रेटर नोएडा वेस्ट का एक प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले लगभग पांच लाख से अधिक लोगों का आवागमन होता है। इस इलाके में नोएडा, सूरजपुर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। साल 2023 में पर्थला फ्लाईओवर बनने के बाद पर्थला चौक का जाम कुछ हद तक कम हुआ था, लेकिन ट्रैफिक का दबाव गौर चौक की तरफ बढ़ गया। ऐसे में इस अंडरपास के बनने से इस इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था काफी हद तक बेहतर होने की उम्मीद है।

End of Article