शहर

शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में गैस लीक से मची भगदड़, सांस लेने में हुई दिक्कत; बाहर भागे मरीज

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित पंडित राम प्रसाद बिस्मिल राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार को गैस लीक होने से भगदड़ मच गई और मरीज मेडिकल कॉलेज से बाहर भागने लगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में गैस रिसाव की वजह से भर्ती मरीजों को सांस लेने में दिक्कत के बाद तीमारदार उन्हें बाहर लेकर भागे।

Image

शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में गैस लीक से मची भगदड़

Photo : Times Now Digital

Shahjahanpur Medical College: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित पंडित राम प्रसाद बिस्मिल राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार को गैस लीक होने से भगदड़ मच गई और मरीज मेडिकल कॉलेज से बाहर भागने लगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में गैस रिसाव की वजह से भर्ती मरीजों को सांस लेने में दिक्कत के बाद तीमारदार उन्हें बाहर लेकर भागे।

मरीजों को हुई जलन

गैस लीक होने की वजह से मरीजों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी शुरू हो गई जिसकी वजह से मेडिकल कॉलेज में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में आज शाम करीब पांच बजे गैस लीक होने की अफवाह फैल गई जिससे घबराए मरीजों और उनके तीमारदारों में अस्पताल से बाहर निकलने की होड़ मच गई और इससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई तथा कई मरीज चोटिल भी हुए हैं।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, चश्मदीदों का दावा है कि इस घटना में एक मरीज की मौत हो गई है तथा पहले से ही भर्ती कुछ मरीज घटना में जख्मी हो गए हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भगदड़ में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। वह मरीजों के घटना में चोटिल होने से भी इनकार कर रहा है।

Shahjahanpur_Gas_Leak

शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में गैस रिसाव

गैस लीक के बाद मरीजों को हुई दिक्कत

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के पास ऑपरेशन थिएटर से फॉर्मलीन की महक आ रही थी जिसके बाद वह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और खिड़की तथा दरवाजे खुलवाए और इसके बाद महक कम हो गई। उन्होंने बताया कि इसी बीच ऑक्सीजन लीक होने की अफवाह फैल गई और भगदड़ मच गई तथा अब स्थिति सामान्य है और मरीजों को अस्पताल के वार्डो में स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती क्रिटिकल मरीज की बीमारी की वजह से मौत हो गई। अफवाहों पर ध्यान ना दें।

जिला अग्निशमन अधिकारी डॉ बी एन पटेल ने बताया कि उन्होंने सूचना पर तत्काल दमकल की दो गाड़ियों भेजीं, लेकिन मेडिकल कॉलेज जाकर पता चला कि ऑक्सीजन का रिसाव नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी टीम ने ऑक्सीजन आपूर्ति प्रणाली की जांच की, लेकिन कहीं से भी रिसाव होता नहीं मिला।”

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ओटी में फेर्मोलीन लीकेज की आशंका जताई। हालांकि, मेडिकल कॉलेज में अब स्थिति सामान्य हो गई है और मरीजों को वापस शिफ्ट किया जा रहा है। यह पूछने पर कि एक मरीज की मौत हुई है, उन्होंने कहा कि जिस मरीज की भगदड़ के चलते मौत की बात कही जा रही है, उसके फेफड़ों में दिक्कत थी। उन्होंने कहा कि फिर भी इसकी जांच कराई जा रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article