शहर

भारतीय रेलवे ने की गणपति स्पेशल ट्रेनों की घोषणा, जानें कब खुलेगी बुकिंग

इस साल गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए सेंट्रल रेलवे 246 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रिजर्व्ड ट्रेनों की बुकिंग भी जल्द ही शुरू होने वाली है।

Image

गणपति उत्सव के लिए भारतीय रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की

इस साल 14 सितंबर को बड़ी ही धूमधाम से गणेश चतुर्थी का उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान होने वाले गणपति उत्सव के लिए भारतीय रेलवे ने भी कमर कस ली है। विशेषतौर पर सेंट्रल रेलवे ने गणपति उत्सव के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए 246 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें से 184 को एसी स्पेशल ट्रेनें होंगी। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और अनरिजर्व्ड कोच भी होंगे। इसके अलावा 62 ट्रेनें पूरी तरह से अनरिजर्व्ड होंगी। इन ट्रेनों के चलने से मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों से कोंकण क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए और ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

गणपति स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग कब शुरू होगी

गणपति स्पेशल ट्रेनों की रिजर्वेशन बुकिंग का समय अब बहुत नजदीक है। इन गणपति स्पेशल ट्रेनों की रिजर्वेशन बुकिंग आगामी 1, 2 और 3 अगस्त 2026 से अलग-अलग चरणों में शुरू होगी। यात्री रिजर्व्ड टिकटों की बुकिंग रेलवे के PRS काउंटरों और IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट irctc.co.in के जरिए कर सकेंगे।

CSMT से सावंतवाड़ी रोड के लिए कई स्पेशल ट्रेनें

सेंट्रल रेलवे के अनुसार मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सावंतवाड़ी रोड के बीच कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें से कुछ ट्रेनें 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच हर रोज चलाई जाएंगी। इसी तरह CSMT-रत्नागिरी के बीच भी डेली स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इन सेवाओं में एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल सेकंड क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे।

LTT से चलेगी गणपति स्पेशल ट्रेन

लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से सावंतवाड़ी रोड और रत्नागिरी के लिए भी कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई हैं। इनमें दैनिक, साप्ताहिक और सप्ताह में पांच दिन चलने वाली सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा LTT से मडगांव के लिए एसी और सामान्य स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।

पुणे-रत्नागिरी के बीच भी अतिरिक्त ट्रेन

गणपति उत्सव के दौरान पुणे से रत्नागिरी के लिए भी कुछ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। रेलवे ने पुणे-रत्नागिरी के बीच एसी वीकली स्पेशल और सामान्य वीकली स्पेशल की घोषणा की है। इससे पुणे और कोंकण के बीच त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी। रेलवे की पूरी रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

62 अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी

सेंट्रल रेलवे ने गणपति उत्सव के दौरान 62 अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला भी किया है। इनमें Diva-Khed और Diva-Chiplun के बीच MEMU स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में सामान्य शुल्क के साथ अनरिजर्व्ड टिकट UTS सिस्टम के जरिए लिए जा सकेंगे। रेलवे की तरफ से यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए RailOne App की सुविधा भी मिलेगी।

किस तारीख को किन ट्रेनों के लिए कर पाएंगे बुकिंग?

रिजर्व्ड गणपति स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग अलग-अलग तारीखों पर खुलेगी। शनिवार 1 अगस्त को ट्रेन नंबर 01153, 01445, 01167 और 01447 की बुकिंग शुरू होगी। जबकि रविवार 2 अगस्त को 01165 और 01185 के लिए टिकट बुक किए जा सकेंगे। वहीं सोमवार 3 अगस्त को 01103, 01129, 01151, 01171 और 01131 की बुकिंग शुरू होगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्पेशल ट्रेनों के ठहराव और विस्तृत समय की जानकारी के लिए रेलवे की ट्रेन इंक्वायरी सेवा या NTES ऐप देखें। गणपति उत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों से कन्फर्म टिकट हासिल करने के विकल्प और बढ़ने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article