Kala Jatheri Custody Parole: कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को अदालत से बड़ी राहत मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तिहाड़ जेल से उसके पैतृक गांव जठेड़ी, सोनीपत लाया गया। दिल्ली की द्वारका जिला अदालत ने उसे अपनी जुड़वा बेटियों के नामकरण संस्कार, पूजा-पाठ और अन्य जरूरी धार्मिक रस्मों में भाग लेने के लिए 7 घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की है। कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, उसे सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक अपने परिवार के साथ रहने की इजाजत दी गई।
काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी ने कुछ महीने पहले जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। इसी खुशी में परिवार ने गांव में विशेष हवन और नामकरण का आयोजन रखा था। इस मांगलिक अवसर पर पिता की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वकीलों के जरिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए कोर्ट ने कुछ खास शर्तों के साथ यह अल्पकालिक पैरोल स्वीकार की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'दीया जलाने का पैसा है, पर...', राहुल गांधी ने PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- किराए के डर से पढ़ाई छोड़ रही बेटियां
सुरक्षा के लिहाज से गांव में अभूतपूर्व बंदोबस्त देखे गए। दिल्ली पुलिस और सोनीपत पुलिस की संयुक्त टीमों ने काला जठेड़ी के घर और आसपास के पूरे इलाके को अपने घेरे में ले लिया था। कानून-व्यवस्था बनी रहे और कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को खुद मौके पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए थे। अदालत के आदेश के मुताबिक, पैरोल के दौरान केवल निकटतम रिश्तेदारों को ही मिलने की अनुमति मिली।
भारी सुरक्षा के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में परिवार के लोग भावुक नजर आए। बच्चियों के नामकरण और हवन की सभी रस्में शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गईं। कस्टडी पैरोल की निर्धारित समय सीमा खत्म होते ही पुलिस की सशस्त्र टीम संदीप उर्फ काला जठेड़ी को लेकर वापस दिल्ली की तिहाड़ जेल के लिए रवाना हो गई।
