शहर

भारत के इस शहर में गुम हो जाती है गंगा नदी, बदल जाती है इसकी पहचान

गंगा नदी, भारत की सबसे लंबी और पवित्र नदी है। उत्तराखंड से उद्गम होने के बाद गंगा नदी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए बहती है। लेकिन पश्चिम बंगाल एक ऐसा भी शहर है, जहां गंगा नदी की पहचान ही बदल जाती है।

Image

गंगा नदी (फाइल फोटो | istock)

Photo : iStock

नदियों को जीवनदायिनी कहा जाता है, क्योंकि इनसे हमें पीने का पानी, सिंचाई, उपजाऊ जमीन समेत जीवन के लिए जरूरी संसाधन मिलता है। भारत में नदियां सिर्फ जीवनस्त्रोत ही नहीं है, बल्कि इनका धार्मिक महत्व भी बहुत है। यहां नदियों को देवी का दर्जा दिया जाता है और इनकी पूजा होती है। इन्हें मां की तरह सम्मान भी दिया जाता है। भारत की प्रमुख नदियों में गंगा, यमुना, नर्मदा, कृष्णा, गोदावरी, सरयू, कावेरी, सिंधु आदि आती हैं। इनमें से देश की सबसे लंबी नदी गंगा है, जिसकी कुल लंबाई 2525 किलोमीटर है। गंगा नदी भारत की सबसे पवित्र नदी भी है।

कहां से निकलती है गंगा नदी

गंगा नदी, भारत के उत्तराखंड राज्य से निकलती है। इसे भागीरथी के नाम से भी जाना जाता है। उत्तरकाशी में गौमुख के पास से गंगोत्री ग्लेशियर से भागीरथी नदी का उद्गम होता है। देवप्रयाग में भागीरथी और अलकनंदा नदी का संगम होता है, जिसके बाद इसे गंगा नदी के नाम से जाना जाता है। भारत में गंगा नदी लंबा सफर करते हुए कई राज्यों से होकर गुजरती है। गंगा नदी की धारा उत्तराखंड से निकलकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बहती है।

यूपी में सबसे लंबी है गंगा नदी

उत्तर प्रदेश में गंगा नदी की लंबाई सबसे अधिक है। जहां नदी 1,450 किलोमीटर का सफर तय करती है। वहीं उत्तराखंड में 110 किमी, बिहार में 445 किमी और पश्चिम बंगाल में गंगा नदी की लंबाई 520 किमी है। गंगा नदी उत्तराखंड से निकलकर बिजनौर से यूपी में प्रवेश करती है। इस राज्य में गंगा नदी 27 जिलों से होते हुए बहती है। गंगा नदी के तट पर बसे यूपी के प्रमुख जिलों में वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मिर्जापुर, फर्रुखाबाद, गाजीपुर और बलिया शामिल हैं।

गंगा नदी की सबसे बड़ी सहायक नदी

गंगा नदी की सहायक नदियों में गोमती, घाघरा, रामगंगा, गंडक, महानदा, कोसी आदि हैं। गंगा की सबसे लंबी और प्रमुख सहायक नदी यमुना है। प्रयागराज में गंगा नदी का संगम यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी से होता है। बिहार में गंगा नदी का प्रवेश बक्सर के पास स्थित चौसा गांव से होता है। जिसके बाद गंगा नदी झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर बहती है। लेकिन पश्चिम बंगाल में एक जगह ऐसी भी जहां, गंगा नदी की पहचान ही बदल जाती है।

मुर्शिदाबाद में दो भागों में बंटती है गंगा

दरअसल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में गंगा नदी दो भागों में विभाजित हो जाती है। नदी का एक हिस्सा हुगली नदी के नाम से जाता जाता है, जो पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों से होते हुए बहती है और बंगाल की खाड़ी में जाकर मिल जाती है। मुर्शिदाबाद में विभाजित हुआ नदी का दूसरा हिस्सा बांग्लादेश में प्रवेश करता है। जिसे पद्मा नदी के नाम से जाना जाता है। बांग्लादेश में गंगा नदी का नाम बदलकर पद्मा हो जाता है। बांग्लादेश में पद्मा नदी जमुना और मेघना नदी से मिलती है, जिसके बाद बंगाल की खाड़ी में गिर जाती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article