शहर

हरियाणा : केएमपी एक्सप्रेसवे पर डंपर-कार की टक्कर, पोलैंड के पर्यटक की मौत

कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर डंपर और कार की टक्कर में टैक्सी चालक व पोलैंड के पर्यटक की मौत हो गई। हादसे में पोलैंड की एक अन्य नागरिक एग्निएस्का कासिनेल (27) घायल हो गईं और उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

Image

सांकेतिक फोटो-(Istock)

फरीदाबाद : कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक डंपर ने कार में टक्कर मार दी और इस हादसे में टैक्सी चालक व पोलैंड के पर्यटक की मौत हो गई। एक ट्रक चालक मंजेश द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार यह हादसा तड़के चार बजे तब हुआ जब उसके वाहन का एक्सल बाहर आ रहा था। मंजेश ने पुलिस को बताया कि इसके तुरंत बाद वह ट्रक से बाहर निकल आया और पीछे से आ रहे वाहनों को हाथ से इशारा कर सतर्क कर रहा था। इस दौरान उसने मानेसर की ओर से आती हुई एक टैक्सी देखी और चालक को सतर्क किया, लेकिन रफ्तार कम करने के बावजूद वह (टैक्सी) ट्रक से टकरा गई। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आए डंपर ट्रक ने टैक्सी को पीछे से टक्कर मार दी।

मंजेश ने अपनी शिकायत में कहा कि इस दुर्घटना में टैक्सी चालक और एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई और आगे की सीट पर बैठी महिला घायल हो गई। मैंने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और देखा कि एक कार दो ट्रकों के बीच फंसी हुई है। पुलिस ने बताया कि राहगीरों के जमा होने से दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कार में पोलैंड के दो नागरिकों सहित तीन लोग फंसे हुए थे और उन्हें स्थानीय लोगों व एक क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि इनमें से दो लोगों, टैक्सी चालक नफीस और पोलैंड के नागरिक माइकल माजिक (29) की मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में पोलैंड की एक अन्य नागरिक एग्निएस्का कासिनेल (27) घायल हो गईं और उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नफीस की कार को ताजमहल घूमने के लिए बुक किया गया था। नफीस ने बुधवार को गुरुग्राम के एक होटल से विदेशी नागरिकों को अपनी टैक्सी में बैठाया और आगरा के लिए रवाना हो गया।

मंजेश की शिकायत पर सदर पलवल थाने में डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत), 125(ए) (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 281 (तेज एवं लापरवाह से वाहन चलाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टैक्सी चालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। विदेशी नागरिक की मौत की सूचना दूतावास को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!