शहर

IndiGo Travel Advisory: एयरपोर्ट जाने से पहले फोन घुमा लें या ये खबर पढ़ लें, कोहरे के कारण इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित

IndiGo Travel Advisory: उत्तर भारत में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। जिससे हवाई यातायात प्रभावित है। कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी हो रही है। मौसम की बिगड़ी चाल को देखते हुए इंडिगो ने यात्रियों कि लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।

Image

कोहरे के कारण इंडिगो की कई उड़ानें प्रभावित (Photo-Canva)

IndiGo Travel Advisory: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लगातार घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर साफ देखने को मिल रहा है। बीते कई दिनों से उड़ानों के संचालन में देरी हो रही है। साथ ही कई उड़ानें डायवर्ट की जा रही है। इस बीच एयरलाइन इंडिगो ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसके अनुसार, कोहरे के कारण कई हवाई अड्डों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे उड़ानों की आवाजाही सामान्य से धीमी हो गई है। इसके चलते कुछ उड़ानों में देरी हो रही है। इंडिगो ने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से यह जानकारी शेयर की है।

एयरलाइन ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए उड़ानों के प्रस्थान और आगमन को क्रमबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि संचालन व्यवस्थित और सुरक्षित बना रहे। इंडिगो की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और कोहरे की स्थिति के अनुसार संचालन का प्रबंधन किया जा रहा है।

इंडिगो की यात्रियों से अपील

इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए एयरलाइन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। साथ ही, कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता कम होने और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, एयरलाइन ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि हवाई अड्डों पर उनकी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और यात्रा के दौरान हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए मौजूद हैं, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। इंडिगो भारत की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली यात्री एयरलाइन है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली एयरलाइनों में शामिल है। इसके पास 400 से अधिक विमानों का आधुनिक बेड़ा है और यह रोजाना 2,200 से ज्यादा उड़ानों का संचालन करती है। इंडिगो भारत और विदेशों के कुल 130 से अधिक गंतव्यों को जोड़ती है, जिनमें 40 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्थान शामिल हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article