शहर

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसा, रेलिंग से टकरा कर पलटा पिकअप वाहन; 5 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक पिकअप वाहन के पलटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन पुल की रेलिंग से टकरा गया।

Image

(सांकेतिक फोटो)

मंडी : जिले में रविवार को एक पिकअप वाहन के पुल की रेलिंग से टकरा जाने से उसमें सवार पांच श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि वाहन पंजाब के लुधियाना से मंडी के कामंद में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जा रहा था, उस दौरान ही यह दुर्घटना घटी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन पुल की रेलिंग से टकरा गया।

पंजाब के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान सुखविंदर, उमेश और सागर के रूप में हुई है, तीनों पंजाब के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले थे, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मंडी की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि वाहन चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

CM ने जताया शोक

वहीं, इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''आईआईटी मंडी के समीप कमांद में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के निधन एवं एक अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मैं दिवंगत जनों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं और शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।''

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे एक जीप आईआईटी कमांद के लिए टेंट का सामान लेकर जा रही थी। जैसे ही जीप चालक कमांद पुल के पास पहुंचा तो वह अपना नियंत्रण खो बैठा और जीप पुल की रेलिंग से टकराकर पलट गई और पुल के नीचे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि जीप चालक दलजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जोनल हॉस्पिटल मंडी में उपचार चल रहा है। जीप चालक दलजीत ने बताया कि बीती रात को वे अमृतसर से मंडी कमांद के लिए निकले थे। सुंदरनगर में रूककर उन्होंने रात बिताई और सुबह फिर कमांद के लिए रवाना हो गए। कमांद पुल के पास नीचे उतरते हुए जीप के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और ब्रेक न लगने के कारण जीप पुल से टकरा गई।

डीएसपी पधर देव राज ने सड़क हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना संबंधी मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जबकि बाकी दो शवों की शिनाख्त की जा रही है। यह सभी लोग पंजाब के ही रहने वाले हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए जाएंगे।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुखविंद्र सिंह पुत्र हरवंश सिंह, निवासी लुधियाना, उमेश कुमार पुत्र राजा राम, निवासी अमृतसर, पंजाब, सागर पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article