Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले में तिलक समारोह के बाद पांच लोगों की संदिग्ध मौत हो गई। 14 फरवरी की रात आयोजित तिलक समारोह में ये सभी लोग शामिल हुए थे। जहां से वापस अपने-अपने गांव लौटने के बाद एक के बाद एक इन 5 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सभी मौतें अलग-अलग स्थानों पर हुईं, लेकिन एक ही समारोह में शामिल होना इन सभी को जोड़ने वाली कड़ी के रूप में सामने आया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।
यह घटना रोहतास जिले के बिक्रमगंज प्रखंड के अंतर्गत मठिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, मृतकों में मठिया गांव निवासी लल्लू सिंह, नासरीगंज थाना क्षेत्र के बड़की सबदला गांव निवासी 32 वर्षीय अभिजीत सिंह, भोजपुर जिले के गरहथा गांव निवासी 34 वर्षीय राहुल कुमार और अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के दो बावर्ची शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग 14 फरवरी की रात बिक्रमगंज प्रखंड के मठिया गांव में पूजन सिंह के बेटे के तिलक समारोह में शामिल हुए थे। समारोह शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए थे। लेकिन दो दिन बाद ही 16 फरवरी को अचानक लल्लू सिंह की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद एक-एक कर अन्य चार लोगों की भी मौत की खबरें सामने आने लगीं।
जहरीले पदार्थ के सेवन की चर्चा
एक के बाद एक पांच लोगों की लगातार हुई मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि तिलक समारोह के दौरान कुछ लोगों ने जहरील पेय पदार्थ का सेवन किया, जिससे उनकी तबियत बिगड़ी और बाद में मौत हो गई। हालांकि परिजनों इस बात से साफ इनकार किया है। कुछ परिजनों ने मौत की वजह किडनी फेल होना बताया, तो वहीं किसी ने कुत्ते के काटने की बात कही। अलग-अलग कारण सामने आने के बाद मामला और उलझ गया है।
उत्पाद विभाग की टीम गांवों में कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। उत्पाद विभाग की टीम ने संबंधित गांवों में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बारी-बारी से सभी परिजनों से पूछताछ की जा रही है। टीम संभावित अवैध शराब या जहरीले पदार्थ की आशंका को भी ध्यान रखते हुए जांच कर रही है। इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
