Bihar Budget 2026: बिहार में आज यानी मंगलवार 3 फरवरी को बजट पेश किया गया। हाल ही में चुनकर आयी नीतीश कुमार की नई सरकार का यह पहला बजट है। वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने दोपहर 2 बजे विधानसभा में बजट पेश किया। इस दौरा उन्होंने कई अहम घोषणाएं कीं। प्रमुख घोषणाओं में बिहार के अंदर 5 नए एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा भी शामिल है।
वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि बिहार में पांच नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने सड़क, पुल, शहरी विकास और परिवहन पर भी बजे पैमाने पर खर्च की घोषणा की। इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाले इस खर्च से राज्य में सफर करना आसान होगा। राज्य में निवेश बढ़ेगा और लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
ग्रामीण इलाकों को शहरों से जोड़ने के लिए भी सड़कों का निर्माण किए जाने की घोषणा वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में की। उन्होंने कहा की सरकार का फोकस बिहार का इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिक बनाने और उद्योगों को आकर्षित पर रहेगा।
अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने सस्ते आवास को लेकर बड़ा संकल्प लिया है। वित्त मंत्री ने घोषणा की है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों के लिए आवास योजनाओं पर खर्च बढ़ाया जाएगा। यही नहीं राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गरीब कल्याण योजनाओं के लिए भी बजट में जरूरी धनराशि रखी गई है।
बिहार सरकार का दावा है कि सबका साथ, सबका विकास मंत्र के साथ राज्य के हर वर्ग को इस बजट का लाभ मिलेगा। बता दें कि इस बार के बजट में बिहार सरकार ने विकास कार्यों और पूंजीगत खर्च पर बड़ा जोर दिया है। वित्त वर्ष 2024-26 के लिए कुल ₹63,455.84 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय प्रस्तावित किया गया है, जो कुल बजट का 18.26 फीसद है। इससे पता चलता है कि सरकार का पूरा फोकस इंफ्रास्क्ट्रक्चर को मजबूत करने पर है।
