Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक महिला से लूट के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रामजीत के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई पाजेब, तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
महिला पर हमला कर पाजेब लूटने का आरोप
पुलिस के अनुसार, लूटपाट की घटना 6 अगस्त की रात करीब एक बजे थाना दक्षिण क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि रामजीत ने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला पर जानलेवा हमला कर लूटपाट की थी। घटना के वक्त महिला बरामदे में सो रही रही थी, तभी रामजीत ने सिलवट्टे से हमला किया और उसके मुंह व छाती पर वार करने के बाद पाजेब लेकर फरार हो गया।
केस दर्ज होने के बाद घोषित हुआ इनाम
घटना के संबंध में 7 अगस्त को थाना दक्षिण में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में पुलिस टीमों ने CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
टीएल तिराहा के पास पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी टीएल तिराहा बाउंडी प्लॉट के पास मौजूद है और किसी अन्य वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई का किया दावा
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रामजीत शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में उपचार करा रहा है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
