Delhi Market Aag: दक्षिण दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में स्थित नेचर बाजार में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 50 दुकानें जलकर खाक हो गईं और बड़े पैमाने पर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 7:37 बजे मिली। सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अब तक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
किन दुकानों में लगी आग?
अधिकारी ने बताया कि आग लाडो सराय क्षेत्र में अंधेरिया मोड़ के पास स्थित नेचर बाजार में लगी जहां हस्तशिल्प और अन्य सामान बेचने वाली कई अस्थायी और अर्ध-स्थायी दुकानें लगी हुई हैं। घटना के बाद आग तेजी से कई दुकानों में फैल गई जिससे बाजार परिसर से धुएं के गुबार उठते देखे गए।
भारी नुकसान हुआ...आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने और उसे फैलने से रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया। अधिकारी के अनुसार, इस घटना में लगभग 50 दुकानें जलकर नष्ट हो गईं जिससे सामान और संरचनाओं को भारी नुकसान हुआ है।
दमकलकर्मी आग को पूरी तरह बुझाने और इलाके में शीतलन अभियान चलाने में लगे हुए हैं। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और अग्निशमन कार्य में सहयोग देने के लिए पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
दिल्ली के उत्तम नगर में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया गया: MCD
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शनिवार को उत्तम नगर के हस्तसाल में जे.जे. कॉलोनी के बी-ब्लॉक में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर बने अस्थायी ढांचों को हटाकर पैदल यात्रियों और वाहनों के गुजरने के लिए सड़क खाली कराई गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 70 दुकानों के सामने बने अवैध चबूतरे, सीढ़ियां और अस्थायी शेड हटाए गए। इससे लगभग 380 मीटर (करीब 760 वर्ग मीटर) सड़क क्षेत्र अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
यह कार्रवाई वेस्ट जोन में जारी प्रवर्तन अभियान का हिस्सा है। इससे पहले 11 मार्च को विष्णु गार्डन, 12 मार्च को मिलन मार्केट और 13 मार्च को पंखा रोड पर भी ऐसे ही अभियान चलाए गए थे। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को पहले जैसी स्थिति में लाना और पैदल यात्रियों व यातायात की आवाजाही को सुगम बनाना है। यह अभियान दिल्ली पुलिस की सहायता से चलाया गया।
पहले खबर आई थी कि निगम ने कुछ दुकानों को सील किया है, लेकिन बाद में एमसीडी ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एमसीडी के दलों ने दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर की मदद से अवैध ढांचों को हटाया। यह अभियान खास तौर पर उत्तम नगर थाना परिसर के बाहर बनी खाने-पीने की दुकानों पर केंद्रित था।
इस कार्रवाई से कुछ दिन पहले जेजे कॉलोनी में पड़ोसियों के साथ हुई झड़प में तरुण नामक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, होली के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की ने गुब्बारा फेंका, जिसका पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर गिरने से विवाद शुरू हुआ और फिर हिंसा हुई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था और अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी।
