शहर

जयपुर में काल बनकर गिरी सेप्टिक टैंक की दीवार, मलबे में दबकर 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत; कई अन्य घायल

राजस्थान की राजधानी जयपुर के चंदवाजी इलाके में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब सेप्टिक टैंक की दीवार अचानक ढह गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है और हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Image

जयपुर में सेप्टिक टैंक की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipur Septic Tank Wall Collapse: राजस्थान के जयपुर में सोमवार को एक दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि चंदवाजी इलाके में यह हादसा उस समय हुआ, जब एक सेप्टिक टैंक की दीवार ढह गई। जयपुर (ग्रामीण) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि यह घटना तब हुई जब मजदूर निर्माणाधीन स्थल पर सीवरेज के गड्ढे में काम कर रहे थे।

3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया और एक अन्य मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान रिंकू (35), साविता (39) और रामजी (40) के रूप में हुई है। रणवीर सिंह ने बताया कि हादसे के समय मौके पर करीब दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया, सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

राहत-बचाव कार्य जारी

अधिकारी ने बताया कि मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया और मलबा हटाने का कार्य जारी है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, "इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है। घटना किसकी लापरवाही से हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।" हादसे में जान गंवाना वाले एक व्यक्ति की बहन ममता ने पत्रकारों को बताया, "मेरा भाई सीमेंट के कट्टे उठा रहा था कि तभी अचानक दीवार गिर गई और वह मलबे में दब गया। मैं पीने का पानी लेने के लिए टैंक से बाहर आई थी, इसलिए मेरी जान बच गई।"

सीएम भजनलाल शर्मा ने भी जताया हादसे पर दुख

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बयान में कहा, "जयपुर के आमेर क्षेत्र में निर्माणाधीन दीवार गिरने से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है।" उन्होंने कहा, "संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!