शहर

Faridabad News: बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार थार, ड्राइवर गाड़ी समेत फरार

Faridabad Thar Accident: दिल्ली से सटे फरीदाबाद के NIT इलाके में एक तेज रफ्तार थार बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में खंभा और बिजली की तारें टूट गईं। ड्राइवर गाड़ी सहित फरार हो गया।

Faridabad Thar Accident: फरीदाबाद के बडखल एनआईटी इलाके में रविवार देर रात तेज रफ्तार थार बिजली के खंभे से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया और उस पर लगी तारें भी नीचे आ गिरीं। हादसे के बाद थार ड्ररावर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला एसजीएम नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

हादसा एनआईटी नंबर-4 और 5 चौक स्थित मीट मार्केट के पास हुआ। स्थानीय दुकानदार रोहित के मुताबिक, हादसे के वक्त बाजार की अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिमनी बाई धर्मशाला की तरफ से एक थार तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

टक्कर के बाद फैलीं चिंगारियां

टक्कर के बाद बिजली के खंभे से चिंगारियां निकलने लगीं। खंभे पर लगे बिजली के मीटर भी टूटकर नीचे गिर गए। हादसे के दौरान बिजली की तारें टूट गईं। हालांकि, किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। बाद में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त व्यवस्था को दुरुस्त किया।

स्थानीय दुकानदार ने आशंका जताई कि थार ड्राइवर नशे में हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

ड्राइवर और थार मालिक की पहचान नहीं

पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसी वजह से थार ड्राइवर और मालिक की पहचान फिलहाल नहीं हो पायी है। पुलिस वायरल वीडियो के अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

देर रात बाजार बंद होने और सड़क पर अपेक्षाकृत कम भीड़ होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वाहन की रफ्तार कितनी थी और ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह क्या रही।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article