Faridabad Wall Collapse: फरीदाबाद के पलवल जिले के गांव सोफ्ता में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा बीती रात करीब 11 बजे हुआ, जब मजदूरी करके लौट रहे छह लोग अचानक गिरी दीवार के मलबे के नीचे दब गए। घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये सभी मजदूर पास की किसी कंपनी से काम खत्म करके अपने घर लौट रहे थे। गांव में स्थित पेट्रोल पंप के बगल से उनके घरों की ओर जाने वाला रास्ता था, और बारिश के चलते दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी।
कानपुर के थे मजदूर
इस दर्दनाक हादसे में रवि (24), पंकज (23) और राजवीर की जान चली गई। रवि और पंकज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजवीर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायल श्रीकांत (18), मनफूल (25) और एक अज्ञात युवक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे से निकाला गया। बताया जा रहा है कि ये सभी मजदूर कानपुर के रहने वाले थे।
घायलों की हालत गंभीर
पुलिस ने तुरंत घायलों को फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताकर दिल्ली रेफर कर दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। गदपुरी थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल मृतकों और घायलों के परिजनों द्वारा कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि जैसे ही कोई शिकायत प्राप्त होती है, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
