Faridabad: कड़ाके की ठंड के साथ पड़ रही धुंध ने फरीदाबाद में ट्रेन से लेकर बस सेवा तक को प्रभावित कर दिया है। घने कोहरे की वजह से सोमवार शाम से ही दिल्ली-आगरा आने-जाने वाली करीब 40 ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा मुसीबत लोकल ट्रेनें खड़ी कर रही हैं। मंगलवार सुबह दिल्ली से पलवल जाने वाली 04914 और पलवल से गाजियाबाद जाने वाली 04407 लोकल ट्रेनों को धुंध की वजह से रद्द कर दिया गया। जिससे सुबह के समय दिल्ली और पलवल की तरफ जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे ने लंबी दूरी वाली ट्रेनों का पूरा शेड्यूल खराब कर दिया है। कोहरे के कारण मंगलवार को केरला एक्सप्रेस करीब 4 घंटे देरी से चल रही है। वहीं, पुरी से ऋषिकेश के बीच चलने वाली उत्कल एक्सप्रेस भी करीब 6 घंटे देरी से चल रही है। इसके अलावा झेलम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस और उज्जैन एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी करीब तीन से पांच घंटे देरी से चल रही हैं। एक्सप्रेस गाड़ियों के अलावा लोकल ईएमयू भी बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। मथुरा से दिल्ली की तरफ जाने वाली 04419 ईएमयू मंगलवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 7:57 बजे की जगह करीब एक घंटे की देरी से 9:02 पर पहुंची। कोहरे के कारण सुबह के समय चलने वाली लगभग सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसकी वजह से नौकरीपेशा लोग भी समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच पा रहे।
