Faridabad Crime: फरीदाबाद में करीब 20 दिन पहले हुई हत्या के एक बड़े मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। जीआरपी को युवक का शव सराय फाटक के पास रेलवे लाइन के किनारे मिला था। जीआरपी ने मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, यह मृतक की साली है। वहीं, हत्या को अंजाम देने वाले मास्टर माइंड समेत दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मृतक की पहचान यूपी के कासगंज जिले के गांव बहापुर के रहने वाले 35 वर्षीय महिपाल के रूप में हुई है।
बता दें कि सराय रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन के किनारे जीआरपी ने एक अक्टूबर को एक युवक का शव बरामद किया था। मृतक के सिर को वजनदार वस्तु से कुचल दिया गया था और हाथ पैर बंधे हुए थे। शरीर पर भी चाकुओं के हमले के निशान मिले थे। जीआरपी थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के बारे में डीएलएफ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। इस हत्या का मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी का पहला पति और उसका दोस्त है। मृतक की साली रितु नामक महिला को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने साथियों के साथ युवक की हत्या करने की बात कबूली है।
मुख्य आरोपी की पत्नी से युवक ने किया था प्रेम विवाद
थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि महिपाल पहले फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र में रहता था। यहां पड़ोस में राजा नामक युवक अपनी पत्नी रेनू के साथ रहता था। महिपाल और रेनू के बीच प्रेम संबंध बन गए, जिसके बाद दोनों ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह कर लिया और यहां से संगम विहार दिल्ली में रहने चले गए। इस शादी के बाद से राजा लगातार महिपाल की हत्या की साजिश रच रहा था। 30 सितंबर की रात राजा ने रेनू की बहन रितु और एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर महिपाल को बहला फुसलाकर पल्ला में अपने कमरे पर बुलाया और यहां पर उसे तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। बेहोशी की हालत में उसके हाथ पैर बांधकर रात में तीनों उसे सराय फाटक के पास ले गए। यहां पर आरोपियों ने चाकू व पत्थर से सिर कुचलकर महिपाल की हत्या कर दी और फरार हो गए।
