Faridabad Covid New Guidelines & Rules in Hindi: फरीदाबाद जिले को कोविड फ्री घोषित किए अभी कुछ ही दिन बीते थे कि, अब एक बार फिर से कोविड अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिसके साथ ही फरीदाबाद जिला स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियों में जुटा है। इस समय जिले के सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर और कोविड वार्डों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, अभी जिले में भले ही कोविड का कोई मरीज न हो, लेकिन कोराना के नए वैरिएंट के मद्देनजर सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली जाएंगी। जिससे इस संक्रमण के फैलने पर किसी तरह की समस्या न हो।
बता दें कि तीन दिन पहले ही हरियाणा राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला प्रशासन को नए संक्रमण को लेकर अलर्ट रहने का निर्देश देने के साथ जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भी कहा था। जिसके बाद से ही फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। जिला स्वास्थ्य विभाग कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर इस समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क पहनने पर जोर दे रहा है। विभाग की तरफ से लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर एक अभियान भी चलाने जा रहा है। इसके अलावा, होर्डिंग बैनर और हैंड बिल के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर किए जा रहे एक्टिवेट
फरीदाबाद में कोविड के नोडल अधिकारी राजेश चंद्र ने बताया कि इस समय जिले के सभी डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर को दोबारा से एक्टिवेट करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अब तक जिले के 25 डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर को तैयार भी कर लिया गया है। इन सेंटर में करीब पांच हजार बेड की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा बीके अस्पताल में मौजूद कोविड वार्ड को भी दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं, जिले के पाली, खेड़ीकलां, कौराली व तिगांव में मौजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की जा रही हैं। नोडल अधिकारी ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेट का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी एक्टिव कर दिया जाएगा। इस सेंटर को पहले की तरह आईसीएमआर से जोड़ा जाएगा। इससे मरीज घर बैठे अपनी मेडिकल रिपोर्ट देख सकेंगे। इसके अलावा कोरोना संक्रमण की जानकारी देने के लिए मोबाइल एप को भी पुन: एक्टिवेट किया जाएगा।
