शहर

फरीदाबाद में रंगदारी के इंटरनेशनल खेल का पर्दाफाश, आईबी सब-इंस्पेक्टर समेत दो गिरफ्तार; विदेशी नंबरों से कारोबारियों को मिल रही थीं धमकियां

फरीदाबाद में रंगदारी वसूली के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें विदेशों से धमकी भरे कॉल कर कारोबारियों से उगाही की जा रही थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एक सब-इंस्पेक्टर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Image

फरीदाबाद में हुआ बड़ा खुलासा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Faridabad News: फरीदाबाद में रंगदारी मांगने के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने करीब दस कारोबारियों को सिंगापुर और दुबई के नंबरों से धमकी भरे फोन करवाने के आरोप में इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी के एक सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों के जरिए कारोबारियों से रंगदारी मांगने का पूरा खेल चलाया जा रहा था। मामले में इससे पहले एक अन्य आरोपी दीपक गोयल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फरीदाबाद के कारोबारी दीपक गोयल कारोबारियों के मोबाइल नंबर जुटाकर आईबी के सब-इंस्पेक्टर सिकंदर तक पहुंचाता था। इसके बाद इन नंबरों को विदेश में बैठे गैंगस्टरों को भेजा जाता था और फिर सिंगापुर व दुबई के नंबरों से कारोबारियों को धमकी भरे कॉल कर रंगदारी मांगी जाती थी।

आईबी सब-इंस्पेक्टर समेत दो गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने अब तक फरीदाबाद के कारोबारी दीपक गोयल और दिल्ली में तैनात आईबी के सब-इंस्पेक्टर सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सिकंदर फरीदाबाद के एक गांव का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में आईबी के एक-दो अन्य अधिकारियों की संलिप्तता की भी आशंका है। हालांकि, जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना

जानकारी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में पिछले करीब एक साल से यह रैकेट सक्रिय था, लेकिन फरीदाबाद के कारोबारियों को लगातार धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और जांच के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि संवेदनशील एजेंसी से जुड़े एक अधिकारी का नाम सामने आने के बाद इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। क्राइम ब्रांच की जांच आगे बढ़ने के साथ कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article