शहर

Indore Crime: घर की नेमप्लेट पर 'डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर', 5-स्टार होटल में पार्टी; बिल देने के पैसे नहीं, ऐसे दबोचा गया फर्जी IAS अफसर

Indore Crime: इंदौर में खुद को आईएएस अफसर बताकर पांच सितारा होटल में पार्टी देने और बिना बिल चुकाए भागने वाले 28 वर्षीय ठग हिमांशु पांचाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात निवासी यह आरोपी फर्जी नेमप्लेट लगाकर किराए के मकान में रह रहा था।

Image

इंदौर में पकड़ा गया फर्जी IAS अफसर (फोटो: एआई इमेज)

Indore Crime: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े (Fake IAS Officer Indore) का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का बड़ा अधिकारी बताकर शहर में रौब झाड़ने वाले एक 28 वर्षीय युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है, जो इंदौर में नाम बदलकर रह रहा था।

मामले की शुरुआत शहर के एक नामी पांच सितारा होटल से हुई। हिमांशु ने हाल ही में इस लग्जरी होटल में करीब 16 लोगों को एक शानदार पार्टी दी थी। पार्टी खत्म होने के बाद जब होटल स्टाफ ने खाने-पीने का भारी-भरकम बिल पेश किया, तो हिमांशु ने अपने पद का झूठा रौब झाड़ना शुरू कर दिया। उसने खुद को आईएएस अफसर बताया और कर्मचारियों से कहा कि उसका पर्सनल असिस्टेंट (पीए) दो घंटे के भीतर आकर पूरा भुगतान कर देगा। इसके बाद वह बिना बिल चुकाए होटल से बड़े आराम से निकल गया।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बिल का भुगतान नहीं हुआ, तो होटल प्रबंधन को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही लसूड़िया थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी के ठिकाने का पता लगाया। जब पुलिस टीम उसके किराए के मकान पर पहुंची, तो दरवाजे के बाहर लगी नेमप्लेट देखकर वे भी हैरान रह गए। नेमप्लेट पर 'आईएएस राज सोनी' और 'डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर' लिखा हुआ था।

पुलिस ने जब घर के अंदर दाखिल होकर कड़ाई से पूछताछ की और अधिकारी होने से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो हिमांशु कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद उसकी सारी पोल खुल गई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 (सरकारी अधिकारी का रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ गुजरात में पहले से ही धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article