Punjab News: पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद में देर रात सिटी थाना परिसर के अंदर हुए अचानक धमाके से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। धमाका थाने के मुख्य गेट के पास अंदर की तरफ हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
दो कारों के शीशे टूट गए, दीवार को भी नुकसान पहुंचा
जानकारी के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थाने के परिसर में खड़ी दो कारों के शीशे टूट गए। इसके अलावा पास की एक दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के कारणों की पड़ताल जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है। इसके बाद फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया, जो विस्फोट से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने और घटना के कारणों की पड़ताल में लगी हैं। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर थाने के अंदर धमाका किस वजह से हुआ।
कुछ कहना संभव नहीं है
फिलहाल पुलिस ने धमाका होने की पुष्टि की है, लेकिन इसे किसी ग्रेनेड हमले या किसी खास विस्फोटक के इस्तेमाल से जोड़कर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले विस्फोट की प्रकृति और वजह के बारे में निश्चित तौर पर कुछ कहना संभव नहीं है। एसपी फाजिल्का ने मीडिया को बताया कि थाना परिसर में धमाका हुआ है और मामले की जांच जारी है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट तथा मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
