छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आयरन प्रोसेसिंग फैक्ट्री में मंगलवार देर शाम जोरदार विस्फोट हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट फर्नेस के पास रखे ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाका होने से हुआ। इसमें तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल है।
घटना उरला थाना क्षेत्र स्थित 3D इनोवेशंस फैक्ट्री में हुई। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र को घेर लिया और फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इससे पहले, रायपुर उत्तर के डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि विस्फोट ब्लास्ट फर्नेस के पास मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर में हुआ। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दो अन्य कर्मचारियों के हताहत होने की सूचना मिली है, लेकिन इसकी पुष्टि फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की जांच के बाद ही की जाएगी।
डीसीपी ने कहा कि फिलहाल प्रशासन और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच रही है और विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। चूंकि इस हादसे में जानमाल का नुकसान हुआ है, इसलिए मामले के हर पहलू की गहन जांच होगी।
