शहर

लखनऊ: BJP नेता नानकदीन भुर्जी की नए विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर मौत, जांच में जुटी पुलिस

बीजेपी नेता और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी नानकदीन भुर्जी की लखनऊ स्थित नए विधायक निवास की 7वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई।

Image

पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता नानकदीन भुर्जी का निधन

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी नानकदीन भुर्जी की नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

सिविल अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा हज़रतगंज के लालबाग स्थित नए विधायक निवास परिसर में हुआ। नानकदीन भुर्जी संदिग्ध परिस्थितियों में इमारती की सातवीं मंजिल से नीचे आ गिरे। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया था।

अस्पताल में जुटी बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़

घटना की सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। माहौल पूरी तरह से गमगीन है। नानकदीन भुर्जी बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा में सक्रिय पदाधिकारी के रूप में जाने जाते थे और संगठन में उनकी अच्छी पकड़ थी।

सुसाइड या हादसा? पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नए विधायक निवास परिसर को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज एक दुर्घटना थी या उन्होंने आत्महत्या की है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article