शहर

Gautambuddha Nagar Election 2024: गौतमबुद्ध नगर सीट पर किस पार्टी का पलड़ा भारी, सभी प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा

Gautambuddha Nagar Election 2024: गौतमबुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। वहीं कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं। कई विपक्षी पार्टियों ने एग्जिट पोल को नकारते हुए जीत हासिल करने का दावा किया है।

Image

गौतमबुद्ध नगर चुनाव 2024

Gautambuddha Nagar Election 2024: देश भर में 543 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव का आयोजन सात चरणों में किया गया। सभी सात चरणों में यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरे हुए। इन 80 सीटों में गौतमबुद्ध नगर सीट भी शामिल थी। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे चरण में मतदान 26 अप्रैल को हुए थे। करीब सवा महीने के बाद रिजल्ट का इंतजार मंगलवार 4 जून को खत्म होने वाला है। रिजल्ट को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। 4 जून को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। यहां पांच विधानसभा सीटों में से तीन सीटों की मतगणना गौतमबुद्ध नगर में होगी। इन सीटों में नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्र शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मतगणना को चरणों में किया जाएगा। इसमें सबसे अधिक 54 चरणों में नोएडा में मतगणना की जाएगी। मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। इस बीच चुनाव में उतरे प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा करना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ विभिन्न एजेंसियों द्वारा एग्जिट पोल भी जारी कर दिए गए है। हालांकि कई विपक्षी दलों के प्रत्याशियों ने एग्जिट पोल के आंकड़ों को पूरी तरह से नकार दिया है।

एग्जिट पोल में किसका पलड़ा भारी

विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। लोकसभा 2014 और लोकसभा 2019 में बीजेपी के महेश शर्मा भारी वोटों से जीत हासिल करके यहां के सांसद बने। बीजेपी ने एक बार फिर महेश शर्मा को चुनावी रण में सपा के महेंद्र नागर और बसपा के राजेंद्र सोलंकी के साथ उतारा है। गौतमबुद्ध नगर जिला गाजियाबाद और बुलंदशहर को अलग करते 6 सितंबर 1997 में एक नए जिले के रूप में स्थापित किया गया है। यहां पहला लोकसभा चुनाव 2009 में हुआ था। 2009 में हुए चुनाव में बसपा ने प्रचंड जीत हासिल की थी। उसके बाद हुए चुनाव में बीजेपी ने सीट की सत्ता संभाली।

विपक्षी पार्टियों ने नकारा एग्जिट पोल

एग्जिट पोल में बीजेपी का पलड़ा भारी होते देख विपक्षी पार्टियों के उम्मीदवारों ने इसे नकराते हुए कहा है कि एग्जिट पोल धरातल पर नहीं हैं। यहां सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

एग्जिट पोल के बाद महेश शर्मा ने क्या कहा

हिन्दुस्तान की खबर के अनुसार, 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव जीतने के बाद बीजेपी के उम्मीदवार महेश शर्मा ने एग्जिट पोल पर कहा कि जनता का आशीर्वाद वोट के रूप में उन्हें मिला है। वह तीसरी बार जीत हासिल करके हैट्रिक बनाने जा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि एक लाख करोड़ से अधिक के विकास को जनता ने सराहा है।

सपा के महेंद्र सिंह ने नकारा एग्जिट पोल

इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी महेंद्र नागर ने इस त्रिकोणीय मुकाबले में जीत हासिल करने का दावा किया है। वह एग्जिट पोल के नतीजों को पूरी तरह से नकारते हैं। उनका मानना है कि एग्जिट पोल वास्तविक नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर सपा जीत हासिल करके इतिहास बनाने को तैयार है।

बसपा के राजेंद्र सोलंकी ने इतिहास दोहराने की बात की

2009 में बसपा के सुरेंद्र सिंह ने जीत हासिल की थी। लेकिन उसके बाद 2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत हुई। लोकसभा चुनाव 2024 में बसपा ने राजेंद्र सोलंकी को चुनावी रण में उतरा है। एग्जिट पोल पर अपने विचार प्रकट करते हुए राजेंद्र सोलंकी ने कहा कि बसपा एक बार फिर इतिहास दोहराएगी। इतना ही नहीं उन्‍होंने ये भी कहा कि बीजेपी केवल नोएडा में और सपा केवल दादरी में जीत हासिल करेगी। लेकिन बसपा को जेवर, खुर्जा और सिकंदराबाद में सबसे अधिक वोट मिलेंगे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article