शहर

UP News: मंत्री की UPPCL चेयरमैन को चिट्ठी, 'बिना मुझसे पूछे बिजली महंगी क्यों की?'

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बिजली बिलों पर 10 फीसद फ्यूल सरचार्ज लगाने के फैसले को लेकर UPPCL चेयरमैन से जवाब मांगा है। मंत्री ने विभागीय कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

Image

बिजली मंत्री ने UPPCL चेयरमैन को लिखी कड़ी चिट्ठी

UP News: उत्तर प्रदेश में बढ़े हुए बिजली बिलों और बिजली आपूर्ति को लेकर चल रही शिकायतों के बीच ऊर्जा मंत्री और UPPCL चेयरमैन आमने-सामने आ गए हैं। इस तरह से ऊर्जा विभाग के भीतर का टकराव खुलकर सामने आ गया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के चेयरमैन आशीष गोयल (Ashish Goyal) को कड़ा पत्र लिखकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। मंत्री ने जून 2026 के बिजली बिलों में 10 फीसद फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) लगाए जाने के फैसले पर नाराजगी जताई है।

ऐसे फैसलों से सरकार की छवि खराब होती है

ऊर्जा मंत्री ने चिट्ठी में पूछा है कि इतना महत्वपूर्ण फैसला उनकी जानकारी और अनुमति के बिना कैसे लिया गया। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाले इस निर्णय से सरकार की छवि प्रभावित हुई है और विभाग की बदनामी हुई है। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में विभागीय मंत्री को विश्वास में लेना आवश्यक था।

UPPCL चेयरमैन की कार्यशैली पर भी सवाल

ए.के. शर्मा ने सिर्फ बिजली दरों के मुद्दे तक ही अपनी नाराजगी सीमित नहीं रखी। उन्होंने UPPCL चेयरमैन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि कई बार उन्हें अपने ही विभाग के महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी मीडिया और टीवी चैनलों के माध्यम से मिलती है, जो प्रशासनिक दृष्टि से उचित नहीं है।

बिजली संकट के समय गायब रहते हैं चेयरमैन

मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली संकट जैसे संवेदनशील समय में चेयरमैन अक्सर मुख्यालय से अनुपस्थित रहते हैं और विभागीय समन्वय में कमी दिखाई देती है। उन्होंने इस स्थिति को जनहित के खिलाफ और गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया।

एके शर्मा की चिट्ठी का हिस्सा

एके शर्मा की चिट्ठी का हिस्सा

बिजली आपूर्ति में दिक्कतों का भी जिक्र

पत्र में बिजली विभाग में अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाकर अपेक्षाकृत कम अनुभवी लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई है। साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में आ रही खामियों और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों का भी जिक्र किया गया है।

एके शर्मा की चिट्ठी का हिस्सा

एके शर्मा की चिट्ठी का हिस्सा

ऊर्जा मंत्री के इस पत्र के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और हालिया फैसलों को लेकर सरकार के भीतर जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया तेज हो सकती है। फिलहाल UPPCL की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article