शहर

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बड़ा एनकाउंटर, पुलिस ने 12 नक्सलियों को किया ढेर; भारी मात्रा में हथियार जब्त

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों और पुलिस के बीच गोलीबारी हुई। गोलीबारी में 12 नक्सली ढेर हो गए। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार जब्त किया गया है। इस सफल ऑपरेशन के लिए महाराष्ट्र सरकार ने कमांडो को 51 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इसे सी60 के कमांडो ने अंजाम दिया है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • छह घंटे तक दोनों ओर से चली गोलियां।
  • अब तक नक्सलियों के 12 शव बरामद।
  • ऑपरेशन के लिए कमांडो को मिलेगा इनाम।

Encounter in Gadchiroli: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। गोलीबारी में 12 नक्सलियों की मौत हो गई है। इसके साथ ही पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किया है। पुलिस ने 7 ऑटोमैटिक राइफल के साथ तीन AK47 भी बरामद किया है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 10 बजे गढ़चिरौली से एक ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें डिप्टी एसपी ऑप्स के नेतृत्व में 7 सी60 दलों को वंडोली गांव में छत्तीसगढ़ सीमा के पास भेजा गया, क्योंकि गांव के पास 12-15 नक्सलियों के डेरा डाले होने की गुप्त सूचना मिली थी।

एनकाउंटर में 12 नक्सली ढेर

इसके बाद दोपहर में भारी गोलीबारी शुरू हुई और देर शाम तक छह घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर जारी रही। इलाके की तलाशी में अब तक 12 नक्सिलयों के शव बरामद हुए हैं। इसके अलावा अब तक 3 एके47, 2 इंसास, 1 कार्बाइन, 1 एसएलआर सहित 7 ऑटोमोटिव हथियार बरामद किए गए हैं।

एक जवान घायल

मृत नक्सलियों में से एक की पहचान डीवीसीएम लक्ष्मण आत्राम उर्फ विशाल आत्राम, टिपागड़ दलम के प्रभारी के रूप में की गई है। नक्सलियों की आगे की पहचान और इलाके की तलाशी जारी है। इधर, सी60 के एक पीएसआई और एक जवान को गोली लगी है। वे खतरे से बाहर हैं, उन्हें इलाज के लिए नागपुर भेज दिया गया है।

कमांडो को मिलेगा इनाम

बता दें कि पिछले कुछ सालों में सी60 कमांडो ने कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिए हैं। इस सबसे बड़े ऑपरेशन के लिए डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र सरकार की ओर से सी60 कमांडो की टीम को 51 लाख रुपए के पुरस्कार का ऐलान किया है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article