शहर

झारखंड में आसमानी आफत, वज्रपात से 8 की मौत, महिलाओं-मासूम बच्चों ने गंवाई जान

झारखंड में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें से तीन लोगों की मौतें हजारीबाग जिले में जबकि बाकी मौतें पलामू, लोहरदगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम और गोड्डा जिलों में हुईं।

Image

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत

झारखंड के छह जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं और दो साल के एक बच्चे सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों की मौत हजारीबाग जिले में जबकि बाकी मौतें पलामू, लोहरदगा, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम और गोड्डा जिलों में हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "पिछले 24 घंटों में राज्य के छह जिलों में आकाशीय बिजली गिरने आने से कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है।" उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी सुरेश प्रसाद महतो (57), पलांडू गांव के किशुन महतो (60) और फटारिया पानी गांव की रहने वाली शांति देवी (41) के रूप में हुई है। पलामू के मनहर गांव में 30 वर्षीय एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति झुलस गया। यह घटना पड़वा थाना क्षेत्र में हुई।

पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया, "मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना उस समय हुई, जब वह बकरियां चराने के लिए खेत की ओर जा रही थी। वहीं, एक अन्य घटना रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के पिपराटांड़ गांव में हुई।

गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि खेत में बकरियां चरा रही 15 वर्षीय एक लड़की की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। लोहरदगा में 13 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़की झुलस गई। किस्को थाना प्रभारी मानस साधु ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब दोनों लड़कियां बेहतात गांव में एक सरकारी स्कूल के पास पेड़ से आम तोड़ रही थीं।

गोड्डा जिले में 30 वर्षीय व्यक्ति बबलू पंडित की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना माचखर गांव में उस समय हुई, जब वह खेत से अपने घर की ओर जा रहा था। पश्चिमी सिंहभूम जिले में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी राफेल मुर्मू ने बताया कि मालुका गांव में घर के आंगन में मौजूद दो साल के एक बच्चे की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article