शहर

तमिलनाडु में 400 करोड़ के पोंजी घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 8 ठिकानों पर छापेमारी; मिले अहम सबूत

पोंजी घोटाले के मास्टरमाइंड पर आरोप है कि गिरोह ने प्याज, आलू और अन्य कृषि उत्पादों के निर्यात कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों को अत्यधिक मुनाफे का लालच देकर चूना लगाया गया।

Image

फाइल फोटो

तमिलनाडु : ईडी ने करीब 400 करोड़ रुपये के कथित पोंजी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तमिलनाडु के चेन्नई, इरोड, कोयंबटूर और कृष्णागिरि जिलों में आठ कारोबारी और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की है। इस दौरान दो लग्जरी कारों सहित कई डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ईडी के चेन्नई जोनल कार्यालय ने मंगलवार को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की। यह जांच तमिलनाडु और कर्नाटक पुलिस द्वारा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू की गई है।

ईडी की जांच में सामने आया है कि इस कथित पोंजी योजना का मास्टरमाइंड एस. नवीन कुमार था, जिसने अपने सहयोगियों जीवलता, के. प्रभु, के. मथन कुमार, मुथुसेल्वम, जे. फ्रैंकलिन और अन्य लोगों के साथ मिलकर इस नेटवर्क को संचालित किया।

निवेश के नाम पर लगाय चूना

आरोप है कि गिरोह ने प्याज, आलू और अन्य कृषि उत्पादों के निर्यात कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों को अत्यधिक मुनाफे का लालच दिया। निवेशकों को कम समय में 200 प्रतिशत से अधिक रिटर्न का वादा किया गया और साथ ही रिश्तेदारों व दोस्तों को जोड़ने पर आकर्षक रेफरल कमीशन देने का भी प्रलोभन दिया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, निवेशकों से धन जुटाने और उसे विभिन्न बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने के लिए एम/एस यूनिक एक्सपोर्ट्स, ईस्ट वैली एग्रो फार्म्स, यूनिक रबर इंडस्ट्रीज, यूनिक इंटरनेशनल ग्रुप, सारा एक्सपोर्ट्स, इंडो रशियन रेयर अर्थ मेटल्स और इंडो रशियन बिजनेस एसोसिएट्स समेत कई कंपनियां बनाई गई थीं।

ईडी का कहना है कि अब तक की जांच में लगभग 400 करोड़ रुपये जनता से धोखाधड़ी कर जुटाए जाने के संकेत मिले हैं। इस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर रियल एस्टेट में निवेश, फिक्स्ड डिपॉजिट, विदेशी लेन-देन और सहयोगियों व संबंधित कंपनियों को धन हस्तांतरित करने में किया गया।

छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों ने लैपटॉप, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए। इसके अलावा कथित पोंजी योजना और अचल संपत्तियों में निवेश से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए। ईडी ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article