DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों के बाद कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। NSUI ने दावा किया कि चुनाव की मतगणना के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पक्ष में काम किया यानी उन्हें फेवर किया और प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की।
अचानक NSUI उम्मीदवार की बढ़त कम होती गई
NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि मुकाबला बेहद करीबी था और शुरुआती दौर में NSUI उम्मीदवार विजय शंकर मीणा बढ़त बनाए हुए थे। उनके मुताबिक, जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, यह बढ़त कम होती गई और गिनती की रफ्तार भी धीमी कर दी गई। जाखड़ ने आरोप लगाया कि जब ABVP को अपनी स्थिति कमजोर होती नजर आई, तब चुनावी अनियमितताओं का सहारा लिया गया। NSUI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। संगठन का आरोप है कि अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा लंबे समय तक आगे चल रहे थे, लेकिन बाद में उनकी बढ़त लगातार कम होती गई। NSUI ने इसे मतगणना को प्रभावित करने की कथित कोशिश बताया।
विश्वविद्यालय स्टेडियम पहुंचने की अपील
विनोद जाखड़ ने NSUI उम्मीदवारों, समर्थकों और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों से विश्वविद्यालय स्टेडियम पहुंचने की अपील भी की, जहां वोटों की गिनती चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ABVP की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर किया। हालांकि, ये सभी आरोप NSUI की ओर से लगाए गए हैं। NSUI अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि संगठन को अलग-अलग माध्यमों और फोन कॉल के जरिए चुनावी अनियमितताओं की जानकारी मिल रही थी। उन्होंने मतगणना स्थल पर अधिक से अधिक समर्थकों के पहुंचने का आह्वान किया और कथित गड़बड़ियों पर आपत्ति जताई।
छात्रों से किए गए वादों को पूरा करेगी NSUI
वहीं, रिजल्ट आने के कुछ देर बाद विनोद जाखड़ ने कहा, "NSUI ने पूरी मजबूती और ईमानदारी के साथ छात्रों के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ा। हमने सामान्य और साधारण परिवारों से आने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। आप इस बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि विश्वविद्यालय चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री कॉलेजों का दौरा कर स्टार प्रचारक की तरह प्रचार कर रहे थे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी जीत सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रही थीं। हम बहुत कम वोटों के अंतर से चुनाव हारे हैं, लेकिन NSUI छात्रों से किए गए वादों को पूरी दृढ़ता के साथ पूरा करेगी। संगठन के स्तर पर कुछ कमियां रही हैं। हम इन पर आत्ममंथन करेंगे, सुधार करेंगे और एक बार फिर पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।”
ABVP ने जीती 4 में से 3 सीटें
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 के नतीजे 19 सितंबर को करीब शाम 4 बजे घोषित किए गए। चुनाव परिणामों के अनुसार ABVP ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। यश डबास को DUSU का अध्यक्ष चुना गया, जबकि रिया छावड़ी ने सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं, लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। वह इससे पहले NSUI से जुड़े रहे थे। इस तरह DUSU 2026 के चार प्रमुख पदों में से तीन पर ABVP समर्थित उम्मीदवारों ने कब्जा किया, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।
