DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। संयुक्त सचिव (JS) पद के नतीजों में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव ने एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों को कड़ी चुनौती दी और मुकाबले में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
हालांकि, अंतिम परिणाम में विशेष यादव को जीत नहीं मिल सकी और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। तो वहीं मतगणना प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विशेष यादव के समर्थकों ने धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने काउंटिंग को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे विशेष यादव के समर्थकों को वहां से हटा दिया। वहीं NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा था कि, उसने (DU) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को फेवर किया है।
विशेष यादव को मिले 15,778 वोट
बता दें कि विशेष यादव को कुल 15,778 वोट हासिल हुए। वहीं, NSUI के गोपाल चौधरी को 15,106 वोट मिले, जिसके साथ वह तीसरे पायदान पर रहे। संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्यराज सिंह ने 16,641 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। विशेष यादव के प्रदर्शन ने चुनावी मुकाबले को खासा दिलचस्प बना दिया। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने ABVP और NSUI के प्रत्याशियों को कड़ी चुनौती दी। अब उनके प्रदर्शन के बाद छात्र राजनीति में चर्चा तेज है।
कौन हैं विशेष यादव?
DUSU चुनाव में अपने प्रदर्शन से चर्चा में आए विशेष यादव ने संयुक्त सचिव पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। उन्हें समाजवादी छात्र सभा का समर्थन हासिल था। विशेष यादव हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। जानकारी के मुताबिक, विशेष यादव NSUI से चुनावी टिकट मिलने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने समाजवादी छात्र सभा के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले NSUI की ओर से टिकट दिए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में वह टिकट वापस ले लिया गया। इसके बाद समर्थकों के कहने पर विशेष यादव चुनावी मैदान में उतरे और संयुक्त सचिव पद के मुकाबले में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- DUSU Election 2026: काउंटिंग के बीच 'लीड' से 'हार' तक..., NSUI ने DU प्रशासन पर उठाई उंगली, कहा- ABVP को किया गया फेवर
ऐसे रहे DUSU चुनाव के परिणाम
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के परिणाम 19 सितंबर को शाम करीब 4 बजे घोषित किए गए। चुनाव नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार प्रमुख पदों में से तीन पर जीत हासिल की। यश डबास ने अध्यक्ष पद पर बाजी मारी, जबकि रिया छावड़ी सचिव निर्वाचित हुईं। वहीं, लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद का परिणाम अलग रहा। इस पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने जीत हासिल की।
