शहर

Video: राजस्थान के चूरू और शेखावाटी में छाया अंधेरा; तेज हवाओं से उठा धूल का गुबार, जनजीवन अस्त-व्यस्त

राजस्थान के चूरू और शेखावाटी इलाके में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज रफ्तार हवाओं के साथ उठे धूल के गुबार ने पूरे क्षेत्र को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे कई जगहों पर दृश्यता प्रभावित हुई और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा।

Image

राजस्थान में अचानक बदला मौसम का मिजाज (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान के चूरू और शेखावाटी क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज आंधी ने अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया। तेज हवाओं के साथ उठी धूल की विशाल चादर ने देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान में आगामी 4 से 5 दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और शेखावाटी संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी देखने को मिली है। बीकानेर संभाग के साथ-साथ जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर क्षेत्र के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र में सर्वाधिक 51 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी भी दर्ज की गई है।

कब तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में अगले चार से पांच दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासतौर से आगामी 48 घंटों में बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी, तेज हवाओं और मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश तथा तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां फिलहाल पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों तक सीमित हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी शाखा मुख्य रूप से पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय बनी हुई है। राजस्थान में फिलहाल प्री-मानसून सिस्टम प्रभावी रहेगा और अगले एक सप्ताह तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।

लू से राहत मिलने की उम्मीद

वहीं, दक्षिणी राजस्थान के जोधपुर, पाली, जालौर और सिरोही जैसे इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जहां आंधी और बारिश की घटनाएं कम देखने को मिलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य रूप से 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। हालांकि, आंधी और वर्षा के कारण लोगों को लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, वातावरण में नमी बढ़ने से कई क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी का अनुभव भी हो सकता है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article