पहले पीटा, फिर डाला जिस्म पर खौलता पानी, अंत में पिलाया...पश्चिम बंगाल में दिव्यांग से क्रूरता की हदें पार
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Feb 3, 2026, 07:04 PM IST
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी के संदेह में एक दिव्यांग युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय अत्याचार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पश्चिम बंगाल में चोरी के शक में दिव्यांग की हत्या (सांकेतिक फोटो)
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पनिहाटी क्षेत्र में चोरी के संदेह के नाम पर एक दिव्यांग युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना में एक स्थानीय परिवार के सदस्यों पर आरोप है कि उन्होंने युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया उस पर खौलता पानी डाला और जबरन एसिड पिलाया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
स्थानीय और पुलिस सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 32 वर्षीय आशिक मंडल के रूप में हुई है। इलाके के लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले आशिक को चोरी के शक में पकड़ा गया था। इसके बाद उसी मोहल्ले के निवासी बच्चू बरुआ और उसके परिवार के सदस्यों ने उसे बेरहमी से पीटा। आरोप है कि मारपीट के बाद भी उनकी क्रूरता थमी नहीं और उन्होंने आशिक पर गर्म पानी डालने के साथ-साथ उसे जबरन एसिड पीने पर मजबूर किया, जिससे अंततः उसकी जान चली गई।
इलाके में फैला आक्रोश
घटना के बाद आशिक की हालत बेहद नाज़ुक हो गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाकर सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा था। बाद में उसकी मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कर हालात पर काबू पाया।
सख्त से सख्त सजा की मांग
मृतक की भतीजी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उसके चाचा से कोई गलती हुई थी, तो इसकी जानकारी परिवार को दी जा सकती थी। इसके बजाय बच्चू बरुआ, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके चाचा के साथ अमानवीय व्यवहार किया, उन्हें यातनाएं दीं और जबरन एसिड पिलाया। मृतक के परिवार ने दोषियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की।
दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस मामले पर स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता प्रबीर दास ने घटना को बेहद दिल दहला देने वाला बताया।
आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे
प्रबीर दास ने कहा कि एक दिव्यांग युवक के साथ इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उन्हें भरोसा है कि कानून के तहत आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।