Digit India’s Top Appliance Awards 2026 : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने 'डिजिट इंडिया टॉप अप्लायंसेस अवार्ड 2026 समारोह में घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों से उपभोक्ताओं की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उत्पाद बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रोडक्ट की असली पहचान उसकी क्वालिटी, टिकाऊपन और आम लोगों के लिए उपयोगिता से होती है। इसलिए कंपनियों को सिर्फ बेचने पर नहीं, बल्कि ग्राहकों की परेशानी पर ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल होने का दावा करते हुए इनवेस्टर्स को बेझिझक इनवेस्ट करने के लिए कहा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के कार्यकाल में किए गए कार्यों को भी गिनाया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले एसी और वॉशिंग मशीन जैसे उपकरण केवल बड़े शहरों और संपन्न वर्ग तक सीमित थे, लेकिन आज गांव-गांव तक पहुंच चुके हैं। ऐसे में कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे उत्पाद बनाएं जो लंबे समय तक टिकें और ग्राहकों को बार-बार उन्हें बदलना न पड़े।
20 साल चले फ्रिज-ब्रजेश पाठक
उन्होंने फ्रिज निर्माताओं से कहा कि मध्यम वर्ग का व्यक्ति एक बार फ्रिज खरीदता है तो चाहता है कि वह कम से कम 20 साल चले। यदि तकनीक बदलती है तो कंपनियां पुराने फ्रिज के लिए बायबैक या अपग्रेड जैसी व्यवस्था करें, ताकि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। साथ ही उन्होंने फ्रिज और एसी से निकलने वाले पानी के बेहतर प्रबंधन की भी बात कही, जिससे डेंगू जैसे मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।
एसी को लेकर रोचक सुझाव
एसी को लेकर उन्होंने एक रोचक सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कंपनियां ऐसी तकनीक विकसित करें जिसमें एसी घर पहुंचने पर कुछ समय 16 डिग्री पर चले और फिर स्वतः 24 डिग्री पर आ जाए। इससे बिजली की बचत होगी और लोग अत्यधिक ठंडे तापमान में सोने से भी बचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एसी से टपकने वाले पानी की समस्या का स्थायी तकनीकी समाधान निकाला जाना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में उन्होंने लोगों से जीवनशैली सुधारने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अधिकांश बीमारियां हमारी खान-पान की गलत आदतों और शारीरिक निष्क्रियता के कारण होती हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और समय पर भोजन करना स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है। उन्होंने देर रात खाना खाने की आदत से बचने और रोज कम से कम 40 मिनट तेज चलने की सलाह दी।
भारतीय संस्कृति पर कही बड़ी बात
उन्होंने भारतीय संस्कृति और इतिहास का गौरवगान करते हुए कहा कि कौटिल्य का अर्थशास्त्र, भारत द्वारा दुनिया को दिया गया 'शून्य' (Zero), और सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर आज तक के संघर्षों में हमने हमेशा जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता अपनाते हुए भी हमें अपनी सनातन संस्कृति और मूलभूत स्वभाव को नहीं खोना चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए देश का सबसे बेहतर गंतव्य बताते हुए कहा कि राज्य में सड़क, एयरपोर्ट, बिजली, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक आधारभूत संरचना तेजी से विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि सैमसंग की स्क्रीन का बड़ा उत्पादन उत्तर प्रदेश में होता है और राज्य औद्योगिक निवेश के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
उपमुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर, मजबूत बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास के आंकड़े देश के सामने रखे। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि आज उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश के लिए भारतवर्ष का सबसे बेहतरीन डेस्टिनेशन बन चुका है। राज्य की उपलब्धियों का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि-
- प्रदेश के सभी 75 जिलों में फोर-लेन कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
- उत्तर भारत में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे आज उत्तर प्रदेश में हैं।
- वर्तमान में 17 एयरपोर्ट पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं और जल्द ही इनकी संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित एशिया का सबसे बड़ा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शामिल है।
- सभी जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे और गांवों में 16 से 18 घंटे निर्बाध बिजली दी जा रही है।
- किसानों को सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त मिल रही है।
- चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, जहां कभी मात्र 40 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 83 हो गई है।
- राज्य की कानून-व्यवस्था (Law & Order) बेहद मजबूत हुई है, जिससे अपराधियों का सफाया हुआ है और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बना है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के सफल आयोजन से राज्य में भारी निवेश आया है।
- GST कलेक्शन के मामले में उत्तर प्रदेश आज महाराष्ट्र के बाद पूरे भारत में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है और जल्द ही पहले स्थान पर होगा।
- कृषि के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आज दूध, गेहूं और चीनी उत्पादन में पूरे देश में नंबर एक स्थान पर है।
