Delhi Dense Fog Alert: दिल्ली-एनसीआर में रविवार की सुबह बेहद घना कोहार देखने को मिला। साथ ही कड़ाके की ठंड और गंभीर प्रदूषण ने हालात बेहद मुश्किल बना दिए। राजधानी और आसपास के इलाकों में कोहरे की इतनी मोटी चादर छाई रही कि कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी समस्या हुई। कम विजिबिलिटी के कारण हवाई और रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सफदरजंग में विजिबिलिटी जीरो
IMD के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग इलाके में विजिबिलिटी शून्य रही, जबकि पालम में यह सिर्फ 100 मीटर दर्ज की गई। सुबह राजधानी के कई हिस्सों में अत्यंत घने कोहरे का रेड अलर्ट भी जारी किया गया। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में सुबह 11 बजे तक बेहद घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। विभाग ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में जारी कोहरे का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आयानगर में पारा 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को भी सुबह के समय कई हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला। इस दौरान 0 के करीब विजिबिलिटी कई इलाकों दर्ज की गई।
कोहरे से रेल-हवाई यातायात प्रभावित
दिल्ली में घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है। राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक पैसेंजर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि कि लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू हैं। हालांकि एडवाइजरी में फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य बताए गए, लेकिन यात्रियों को रियल-टाइम अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई। वहीं रेल सेवाएं भी घने कोहरे की चपेट में आ गईं। कम विजिबिलिटी के कारण दर्जनों ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिनमें कई 10 से 12 घंटे तक देरी से चलीं। राजधानी, दुरंतो और गरीब रथ जैसी प्रीमियम ट्रेनों पर भी कोहरे का प्रभाव पड़ा।
