Delhi Heavy Rainfall: दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को अचानक मौसम का मिज़ाज पूरी तरह से बदल गया है। आसमान में घने बादलों के डेरे के साथ कई इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। आईएमडी ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज-चमक, तेज आंधी और मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 4 और 5 सितंबर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मानसून की विदाई से पहले हो रही इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ऑफिस टाइम तक बारिश जारी रहने से सड़कों पर जलभराव से ट्रैफिक जाम परेशानी का सबब बनेगी।
दिल्ली का तापमान कितना है?
मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहेंगे और शाम तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान घटकर 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय दिल्ली के मुख्य केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री, लोधी रोड में 27.6 डिग्री, आया नगर में 27 डिग्री, पालम में 25.5 डिग्री और रिज में 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5 सितंबर को भी मौसम का रुख ऐसा ही रहेगा और पारा और गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, 6 सितंबर से मौसम साफ होने लगेगा और 7 से 9 सितंबर के बीच तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं का सीधा सकारात्मक असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 74 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। दिल्ली के आया नगर में एक्यूआई 49 और मथुरा रोड पर 47 दर्ज हुआ, वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम में यह 36 और नोएडा के सेक्टर-62 में 50 मापा गया, जो 'अच्छी' श्रेणी को दर्शाता है। हालांकि, अशोक विहार, बवाना, लोनी और नोएडा सेक्टर-125 जैसे कुछ इलाकों में एक्यूआई 100 से थोड़ा ऊपर रहकर 'मध्यम' श्रेणी में रहा। कुल मिलाकर, बारिश के चलते पूरा इलाका प्रदूषण से मुक्त और सुहावना बना हुआ है।
