शहर

Delhi Weather: उमस से बेहाल लोगों को मिलेगी राहत, आज दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट; जानें पूरे हफ्ते का हाल

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04 July 2026: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश न होने से लोगों को उमस और गर्मी से बहुत परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने आज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

आज दिल्ली में येलो अलर्ट, बारिश के आसार (सांकेतिक फोटो)

दिल्ली में आज का मौसम (04 July 2026): दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से तेज बारिश नहीं हुई है। बारिश की कमी के चलते उमस और गर्मी ने जोर पकड़ा हुआ है। जिसके कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आज राजधानी में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।जिसके अनुसार दिन में कई बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

आज बारिश के साथ गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को सुबह और दोपहर के दौरान राजधानी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शाम या रात के समय भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी और बादल छाए रहने का अनुमान है।

उमस ने बढ़ाई परेशानी

सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह का तापमान पिछले करीब दो सालों में सबसे ज्यादा रहा। वहीं हवा में नमी का स्तर 67 से 88 प्रतिशत के बीच रहा। जिस कारण पूरे दिन उमस बनी रही। सुबह के समय आसमान में घने बादल भी छाए रहे, लेकिन इसके बावजूद तेज बारिश नहीं देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

पूरे सप्ताह हल्की बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस पूरे हफ्ते बारिश का अनुमान है। 4 से 9 अगस्त के बीच राजधानी में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि इस अवधि में उमस का असर अभी जारी रह सकता है।

इस साल अब तक बारिश सामान्य

दिल्ली में 1 जनवरी से 3 अगस्त 2026 तक 394.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले साल इसी अवधि में बारिश का आंकड़ा काफी ज्यादा था और अगस्त तक लगभग पूरे साल की सामान्य बारिश पूरी हो चुकी थी। इस साल जनवरी, मार्च, अप्रैल और जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश हुई, लेकिन अगस्त की शुरुआत कमजोर देखने को मिल रही है। अब तक अगस्त में केवल 1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक लगभग 23.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी अगस्त में अब तक सामान्य से लगभग 96 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।

मानसून की कमजोरी बनी वजह

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली क्षेत्र में फिलहाल मानसून की गतिविधियां काफी कमजोर पड़ी हुई हैं। इसी कारण राजधानी में लगातार तेज बारिश नहीं हो पा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगस्त में भी सामान्य से कम बारिश हो सकती है, जिससे बारिश के वार्षिक आंकड़े पर प्रभाव पड़ने की संभावना बनी रहेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article