Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17 December-2025: दिल्ली-एनसीआर में आज ठंड का एहसास बढ़ गया है। सुबह के समय सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन का एहसास हुआ। हालांकि हवाओं की रफ्तार बढ़ने से धुंध और कोहरे का असर भी कम हुआ है। दो दिन पहले राजधानी में सुबह घने कोहरे की चादर छाई हुई थी। जिसके कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई थी। साथ ही पॉल्यूशन भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन मंगलवार को सुबह घना कोहरा देखने को नहीं मिला। आज दिल्ली में कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय राजधानी के अलग-अलग इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला। साथ ही तेज सर्द हवाओं का सितम भी जारी रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा। दिन में अच्छी धूप भी खिली रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में आज बेहद खराब AQI
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह के समय घने कोहरे की चादर छाई रही। लेकिन मंगलवार को हवाओं की रफ्तार में बढ़ोत्तरी हुई। जिससे धुंध और कोहरे का प्रभाव भी कम हुआ। दिन में कोहरा छंटने के साथ ही तेज धूप भी निकल आई। दिल्ली में हवा की गति बढ़ने से पाल्यूशन के स्तर में कमी दर्ज की गई है। सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 427 रहा, यह मंगलवार को 354 दर्ज किया गया। आज राजधानी में सुबह के समय औसत एक्यूआई 328 दर्ज हुआ, जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है।
