शहर

Delhi Weather, 15 December 2025: दिल्ली में कोहरे को लेकर IMD की चेतावनी, विजिबिलिटी जीरो; अब अचानक गिरेगा पारा, जानें कैसा रहने वाला है मौसम

Delhi Ka Mausam (15 December 2025) दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में जाने मौसम का पूर्वानुमान: दिल्ली-NCR इस समय प्रदूषण और कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। राजधानी की सड़कों पर घना स्मॉग और धुंध छाई हुई है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान के गिरने की संभावना जताई है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम।

Image

दिल्ली में आज कोहरे का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15-December-2025: दिल्ली-NCR इस समय दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर खतरनाक स्तर पर पहुंचा वायु प्रदूषण लोगों की सांसों पर भारी पड़ रहा है, तो दूसरी ओर घना कोहरा और स्मॉग सड़कों पर आवाजाही को मुश्किल बना रहा है। राजधानी की सड़कें देर रात से ही धुंध की मोटी परत में ढकी हुई हैं और सुबह कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

धूप कमजोर, ठंड का अहसास बढ़ा: Delhi Ka Mausam

हालांकि दिन के तापमान में अभी बड़ी गिरावट नहीं आई है, लेकिन ठिठुरन बढ़ने लगी है। इसकी वजह तेज धूप का कमजोर पड़ना और आसमान में धुंध की मौजूदगी मानी जा रही है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिक होने के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

कोहरे के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी: Delhi Ka Mausam

दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। कई क्षेत्रों में जहरीला स्मॉग आसमान में छाया रहा, जिससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में परेशानी जैसी शिकायतें बढ़ गई हैं। बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों पर इसका खास असर देखा जा रहा है। सोमवार सुबह राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में यह बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। दिल्ली में सोमवार को सुबह 8 बजे AQI 452 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं वजीरपुर और रोहिणी में तो यह AQI 500 पर दर्ज किया गया।

CAQM के सख्त निर्देश, GRAP-4 लागू: Delhi Ka Mausam

बिगड़ती हवा को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में बाहर होने वाली खेल गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। GRAP-4 के तहत लागू इन प्रतिबंधों को बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया गया है।

अगले कुछ दिन ऐसे ही रहेंगे हालात: Delhi Ka Mausam

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान अधिकतर साफ या हल्के बादलों वाला रह सकता है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते ठंडक और बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। फिलहाल बारिश या तेज हवाओं के कोई आसार नहीं हैं, जिससे प्रदूषण के हालात में जल्द सुधार की उम्मीद कम है। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। हालांकि 18 दिसंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन मैदानी इलाकों में इससे ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है।

NCR में भी हालात खराब: Delhi Ka Mausam

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण गंभीर बना हुआ है। इन इलाकों में दिन का तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम और प्रदूषण दोनों ही लोगों की मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article