शहर

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव की तारीख का ऐलान, 19 सितंबर को होगी वोटों की गिनती; DU ने दिया अपडेट

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की तारीख का एलान कर दिया गया है। गुरुवार को DU की तरफ से 18 सितंबर को चुनाव होने और 19 सितंबर को वोटों की काउंटिग होने की बात कही गई है।

Image

दिल्ली यूनिवर्सिटी (फोटो-Twitter)

दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के चुनाव 18 सितंबर को होंगे और मतों की गिनती अगले दिन यानी 19 सितंबर को होगी। डीयू ने गुरुवार को अधिसूचना जारी की है। डीयू रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर वाली अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है। अधिसूचना के अनुसार, 500 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट और हलफ़नामे के साथ नामांकन पत्र 10 सितंबर को दोपहर तीन बजे जमा किये जा सकते हैं।

अधिसूचना के मुताबिक, उसी दिन दोपहर सवा तीन बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और उसके बाद शाम छह बजे तक सही तरीके से नामित किए गए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार 11 सितंबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। उम्मीदवारों की आखिरी सूची उसी दिन अपराह्न पांच बजे प्रकाशित की जायेगी। डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा। सुबह की पाली वाले विद्यार्थी प्रात: साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक मतदान कर सकेंगे। संध्या पाली वाले विद्यार्थी दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक वोट डाल पायेंगे।

19 सितंबर को होगी मतों की गिनती

विश्वविद्यालय ने कहा है कि डूसू के पदाधिकारियों के लिए नामांकन पत्र उत्तरी परिसर में वनस्पति शास्त्र विभाग के सामने ’कॉन्फ्रेंस सेंटर’ में मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में जमा किए जाने हैं। डूसू केंद्रीय परिषद के सदस्यों के लिए नामांकन पत्र संबंधित महाविद्यालयों, विभागों और संस्थानों से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि सभी नामांकन पत्र दिल्ली विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।

चुनाव डूसू आचार संहिता, डूसू संविधान और अदालत के संबंधित निर्देशों के अनुसार कराए जाएंगे। इन निर्देशों में उच्चतम न्यायालय की लिंगदोह समिति की सिफारिशें और दिल्ली उच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण के बाद के आदेश भी शामिल हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article