Rachnatmak Congress National Convention: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों नहीं करते हैं। मुझे लगता था कि इसके पीछे शायद मार्केटिंग की स्ट्रेटजी है, लेकिन जब मैं उनके साथ एक कमरे में पांच मिनट बैठा तो पता चला कि यह जा ही नहीं सकते हैं।
इस दौरान, राहुल गांधी ने रचनात्मक कांग्रेस का मतलब भी समझाया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस का मतलब एक्सप्रेस करना है। राहुल गांधी ने नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में रचनात्मक कांग्रेस प्रकोष्ठ अधिवेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरएसएस की अभिव्यक्ति की रक्षा करने का वादा किया। उन्होंने कहा, ''जिस दिन आरएसएस की अभिव्यक्ति को देश से खत्म करने की बात शुरू हुई तो मैं उनकी रक्षा करूंगा, क्योंकि उनका भी एक्सप्रेशन है। मेरा मानना है कि जो कुछ भी आपके दिल में है, आप खुलकर बोलो।''
उन्होंने कहा, ''आपके दिल में जो है, वो कहना चाहिए। बाकी बाद में देखेंगे और उनको कहेंगे कि आपकी बात अच्छी नहीं लगी। आपने मूड खराब कर दिया... जब देश में अभिव्यक्ति बाहर निकलेगी तो देश की ताकत दुनिया देखेगी।''
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर बरसे राहुल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि आजकल नरेंद्र मोदी रात में सो नहीं पाते हैं। इसके कई कारण हैं, जिनमें कुछ जाहिर और कुछ छिपे हुए हैं। उन्होंने कहा, ''अमित शाह को चाणक्य और जाने क्या-क्या कहा जाता था, लेकिन वो गायब हो गए... और 20 दिन तक संसद में नहीं आ पाए। अब इस सरकार को समझ आ गया कि ये देश अपने आपको अभिव्यक्ति करने से नहीं रोकेगा।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '1952 के बाद ऐसा पहली बार हुआ...', संसद में PM मोदी और अमित शाह की गैरमौजूदगी पर कांग्रेस का बड़ा दावा
छात्र आंदोलन पर क्या बोले राहुल गांधी
रायबरेली सांसद ने आगे छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों को चुप रहने के लिए कहा गया। एक दुखी मां को चुप रहने के लिए कहा गया। वे (भाजपा-आरएसएस) ऑर्डर थोपना चाहते हैं और हमारा काम है कि हम भारत को खुद को एक्सप्रेस करने दें और उस ऑर्डर को तोड़ें।
