Delhi Traffic Advisory: दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे तीन दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit) का आज आखिरी दिन है। जिसके मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात एडवाइजरी जारी की है। सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी सुरक्षा के चलते रविवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कई रास्तों पर डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
किन प्रमुख सड़कों और इलाकों पर रहेगा असर?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आज राजधानी के 22 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि 35 से अधिक रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। मध्य और दक्षिण दिल्ली की कई महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू रोड समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन और प्रमुख पाबंदियां
मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक के पास ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली जाने वाले वाहनों को बीएसजेड (BSZ) मार्ग और आईपी (IP) मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं नई दिल्ली और कनॉट प्लेस जाने वाले वाहनों को सिकंदरा रोड के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा पटेल चौक और RML अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ होते हुए सी-हेक्सागन की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, राम चरण अग्रवाल चौक से डब्ल्यू-पॉइंट की ओर जाने वाले कमर्शियल वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को गंतव्य के अनुसार आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग या बीएसजेड मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग बताए हैं। एयरपोर्ट जाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूप से मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इस दौरान सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य रूप से चालू रहेंगे, हालांकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों के रूट डायवर्ट किए जा सकते हैं। टैक्सी और ऑटो-रिक्शा चालकों को निर्धारित स्थानों के अलावा सड़क किनारे पार्किंग न करने के निर्देश दिए गए हैं।
इमरजेंसी सेवाओं पर प्रतिबंध नहीं
एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। इन वाहनों को प्राथमिकता और बिना किसी बाधा के रास्ता दिया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी जाते समय अतिरिक्त समय लेकर निकलें, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक चैनलों से अपडेट लेते हुए सहयोग करें।
