शहर

Delhi Traffic Advisory: 'फुल ड्रेस रिहर्सल' के चलते कल बंद रहेंगे कई रास्ते, लाल किले के आसपास रहेगी नो एंट्री; देखें रूट

स्वतंत्रता दिवस 2026 की फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 13 अगस्त के लिए एडवाइजरी जारी की है। सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले के आसपास के कई मार्ग बंद रहेंगे। घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की सूची यहां देखें।

Image

कल कई रास्ते रहेंगे बंद

Photo : Times Now Digital

15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त (गुरुवार) को लाल किले पर 'फुल ड्रेस रिहर्सल' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक प्रतिबंध लागू किए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लाल किले के आसपास सुबह 4:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश मिलेगा, जिनके पास पार्किंग का विशेष लेबल होगा।

ये मार्ग सुबह 4 बजे से 10 बजे तक रहेंगे पूरी तरह बंद

लाल किले की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों को आम यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इन मार्गों पर जाने से बचें:

  • नेताजी सुभाष मार्ग: दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक।
  • लोथियान रोड: जीपीओ (GPO) दिल्ली से छत्ता रेल चौक तक।
  • एसपी मुखर्जी मार्ग: एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक।
  • चांदनी चौक रोड: फव्वारा चौक से लाल किला तक।
  • निषादराज मार्ग: रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक।
  • लिंक रोड: एस्प्लेनेड रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक।
  • रिंग रोड: राजघाट से आईएसबीटी (ISBT) कश्मीरी गेट तक।

इसके अलावा, शांति वन की ओर जाने वाला मार्ग, पुराना लोहे का पुल और गीता कॉलोनी पुल भी बंद रहेंगे। लोगों को इंडिया गेट सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, आईटीओ, मथुरा रोड और जेएलएन मार्ग आदि का प्रयोग करने से बचने की सलाह दी गई है।

आसान सफर के लिए इन वैकल्पिक रास्तों का करें प्रयोग

यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का सुझाव दिया है:

1. उत्तर से दक्षिण (North-South) जाने के लिए:

अरबिंदो मार्ग से सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड से होते हुए रानी झांसी रोड की तरफ जा सकते हैं।

2. पूर्व से पश्चिम (East-West) जाने के लिए:

NH-24/NH-9 से निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड होते हुए रिंग रोड का प्रयोग करें। या डीएनडी (DND) के रास्ते बारापुला रोड/रिंग रोड ले सकते हैं।

3. यमुना पार (Trans-Yamuna) से उत्तरी दिल्ली जाने के लिए:

पुश्ता रोड से जीटी रोड (GT Road), युधिष्ठिर सेतु होते हुए आईएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जा सकते हैं।

कमर्शियल वाहनों और बसों पर पाबंदी

12 अगस्त की रात 12:00 बजे से 13 अगस्त की सुबह 11:00 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच इंटरस्टेट बसों को चलने की अनुमति नहीं होगी। लोकल बसें (DTC) डायवर्ट किए गए रास्तों के अनुसार चलेंगी। 13 अगस्त को सुबह 11:00 बजे के बाद बस सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है।

लाल किले के आसपास पतंग और ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण रोक

सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस ने लाल किले और उसके आसपास के उत्तरी व मध्य जिले के इलाकों में पतंग उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश मंगलवार से 16 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। वहीं, पूरी दिल्ली में सुरक्षा कारणों से 2 अगस्त से ही ड्रोन, पैराग्लाइडर, या ऐसे किसी हवाई उपकरण के इस्तेमाल पर रोक लगी हुई है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article