शहर

दिल्ली में यमुना नदी पर बनेगा एक और पुल! ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

दिल्ली में यमुना नदी पर जल्द ही एक नया ब्रिज बनाया जा सकता है। नए पुल को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है। नया ब्रिज बनने से पूर्वी दिल्ली की बाकी की दिल्ली के साथ कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। जानें कहां बन सकता है नया ब्रिज।

Image

यमुना नदी पर बनेगा नया ब्रिज

दिल्ली देश की राजधानी है और यहां पर ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है। खासतौर पर पूर्वी दिल्ली से सेंट्रल दिल्ली की ओर आने वाले यमुना पुलों पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है। दिल्ली को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार यमुना नदी पर एक और नया पुल बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस पुल के बन जाने से पूर्वी दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में यमुना किनारे के इलाकों में ट्रैफिक जाम कम होगा और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। ट्रैफिक का दबाव कम होने से लोग तेजी से अपने गंतव्य की ओर जा पाएंगे।

कहां बनेगा नया यमुना पुल

दिल्ली में कालिंदी कुंज, सराय काले खां, आईटीओ, गीता कॉलोनी जैसे कई क्षेत्रों में यमुना पर पुल बनाए गए हैं। नया पुल कहां बनेगा इस बारे में अभी निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि, न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, नया पुल सिग्नेचर ब्रिज के पास बनाया जा सकता है। यही नहीं, नया पुल पुराने लोहे के पुल की जगह पर भी बनाया जा सकता है। जिसे हटाने के बारे में लंबे समय से विचार हो रहा है।

हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के सामने ट्रांस-यमुना बोर्ड की बैठक में यह पुल बनाने का प्रस्ताव रखा गया। अधिकारियों के अनुसार योजना अभी अपने शुरुआती चरण में है और इसके लिए विभिन्न स्तरों पर चर्चा भी चल रही है। एक अधिकारी के अनुसार, सरकार उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और मध्य दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए इस विकल्प पर काफी गंभीरता से विचार कर रही है।

यहां से बढ़ेगा ट्रैफिक का दबाव

अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में दिल्ली में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं। इन प्रोजेक्ट्स से ट्रैफिक दबाव और बढ़ने की आशंका है। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के स्टेशन और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्से लगभग तैयार हैं। इसके चलते रिंग रोड, विशेषतौर पर सराय काले खां क्षेत्र में जाम की स्थिति विकराल रूप ले सकती है।

वर्तमान में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दोनों की शुरुआत सराय काले खां के पास रिंग रोड से होगी। इसके अलावा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का DND-सोहना (जेवर) लिंक भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। इन सभी परियोजनाओं के चलते इलाके में वाहनों की संख्या में तेज बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।

PWD करेगा नए पुल के लिए आकलन

एक अधिकारी ने बताया कि इन सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नए पुल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पुल की सटीक लोकेशन अभी तय नहीं हुई है। PWD पुराने वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक के क्षेत्र का अध्ययन करेगा, ताकि ट्रैफिक घनत्व, वाहनों की आवाजाही और तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन किया जा सके।

गौरतलब है कि पुराना लोहे का पुल एक डबल-डेकर ब्रिज है, जिसके निचले हिस्से से सड़क यातायात और ऊपरी हिस्से से रेल यातायात संचालित होता है। फिलहाल दिल्ली में यमुना नदी पर सड़क और रेल को मिलाकर लगभग 25 पुल मौजूद हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article