शहर

बाथरूम में थी 21 की साल की गर्भवती गुलफसा जब सीमापुरी में ढह गई इमारत, मलबे के नीचे से फोन मिलाकर मांगा पानी

Pregnant Woman Gulfasa Seemapuri Death: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी में 4 मंजिला इमारत ढहने से दर्दनाक हादसा। मलबे के नीचे फंसी 4 महीने की गर्भवती गुलफसा की जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।

Image

बाथरूम में थी 21 की साल की गुलफसा जब सीमापुरी में ढह गई इमारत, मलबे के नीचे से फोन मिलाकर मांगा पानी

Delhi Seemapuri Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत ढहने पर मलबे में कई घंटे तक फंसी रही चार महीने की गर्भवती गुलफसा ने फोन कर पानी देने की गुहार लगाई और बचावकर्मियों को अपनी जगह की जानकारी दी, जिसके बाद उसे निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि वह अपने माता-पिता के घर पर थीं, तभी अपार्टमेंट की इमारत अचानक ढह गई और वह मलबे में दब गई।

उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर चार मंजिला एक इमारत ढह गई, जिसमें गुलफसा के साथ डेढ़ साल के एक बच्चे की भी मौत हो गई। जहां हादसे में कुल मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है, तथा आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

गुलफसा (21) के रिश्तेदारों ने 'पीटीआई' को बताया कि घर में गुड़िया नाम से पुकारे जाने वाली गुलफसा इमारत की दूसरी मंजिल पर नहा रही थी, तभी इमारत ढह गई और वह मलबे में दब गईं।

'चमत्कार था कि हम गुलफसा तक पहुंचे, लेकिन जान नहीं बचा सके'

उसके चाचा सलीम ने कहा, 'उसने मलबे के नीचे से फोन करके बताया कि वह बाथरूम में है। बचावकर्मियों ने उसके बताए अनुसार दूसरी मंजिल की ऊंचाई का अनुमान लगाया और उसके पास पहुंचने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने मलबा काटकर उसे बाहर निकाला। उस समय वह बेहोश थी। यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि हम उस तक पहुंच सके।' परिवार के सदस्यों ने बताया कि गुलफसा को आखिरकार मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

बता दें कि न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार को ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में पहले तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जिनमें दो बच्चे शामिल थे। जिसके बाद गुरुवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और शव मलबे से बरामद किया गया, इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई। पहले जिन मृतकों की जानकारी सामने आई थी, उनमें करीब 12 वर्षीय एक बच्ची भी शामिल थी, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। दूसरी मृतक 21 वर्षीय गुलफसा थीं, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं। वहीं, तीसरा एक छोटा मृत बच्चा, जिसकी भी पहचान अभी सामने नहीं आई है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article