Delhi School Bomb Threats: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता सामने आई है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल और कॉल प्राप्त हुए हैं। इस सूचना के बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और संबंधित स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुबह-सुबह मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, बम की धमकी की पहली खबर सुबह करीब 9:12 बजे मध्य दिल्ली के झंडेवालान स्थित बी.डी. तमिल एजुकेशन (BT Tamil School) से आई। स्कूल प्रशासन ने जैसे ही पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को इसकी जानकारी दी, तुरंत मौके पर बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, एक के बाद एक तीन स्कूलों में इस तरह की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमें सभी लोकेशन पर पहुंच चुकी हैं और स्कूलों को खाली करवाकर हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि वे धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
