शहर

दिल्ली में ‘कच्छा-बनियान’ गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार; सुलझा सर्वोदय एनक्लेव लूटकांड

Delhi Encounter: दिल्ली के सर्वोदय एनक्लेव लूटकांड में शामिल ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह के तीन संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की थी।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Delhi Police Encounter: साउथ दिल्ली के सर्वोदय एनक्लेव में हाल में हुई लूट में शामिल कुख्यात ’कच्छा-बनियान’ गिरोह के तीन संदिग्ध सदस्यों को सोमवार तड़के पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। सर्वोदय एनक्लेव में लूट की यह वारदात गत गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि को हुई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय मंडल पार्क की चारदीवारी से सटे पेड़ पर चढ़कर बालकनी से घर में घुसे थे।

बदमाशों ने घर में घुसने के लिए कटर से खोला ताला

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "उन्होंने कटर का उपयोग करके दरवाजे का ताला काटा और घर में घुस गए। जब घर के लोग जाग गए, तो उन्हें बंधक बना लिया गया और एक कमरे के अंदर बंद कर दिया गया।"इसके बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर को खंगाला और नकदी, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिसर के अंदर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश लोगों को आसानी से घर में घूमते हुए देखा गया। वे दस्ताने और मोजे पहने हुए थे और उनके पास ऐसे हथियार थे जिनका इस्तेमाल ’कच्छा-बनियान’ गिरोह करता है।

चोरी और लूटपाट के लिए कुख्यात है गिरोह

जांचकर्ताओं ने कहा कि यह गिरोह कम कपड़ों में चोरी और लूट करने के लिए जाना जाता है। वे अक्सर औजारों से लैस होते हैं और विरोध किए जाने पर हिंसक होने से नहीं हिचकिचाते। अधिकारी ने कहा, "अगर पीड़ितों ने विरोध करने की कोशिश की होती, तो स्थिति घातक हो सकती थी।" घटना के बाद मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गईं।

पुलिस ने विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए आंबेडकर नगर के पास आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, जहां संदिग्धों को रोका गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद मुठभेड़ हुई। पुलिस ने कहा कि शहर भर में इसी तरह के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article