Delhi Rohini Building Collapse: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में एक इमारत ढहने से गंभीर हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि पांच-छह लोगों के मलबे में फंसे होने की आंशका जताई जा रही है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। मौके पर एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।
हालात पर प्रशासन की नजर
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी दी कि शाम करीब साढ़े चार बजे बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी (फोटो- PTI)
एक व्यक्ति की मौत
वहीं इस हादसे में 42 वर्षीय मोटरसाइकिल मैकेनिक राम की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार का कहना है कि उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण वही कर रहे थे। मृतक के जुड़वा भाई श्याम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मालिक भी इमारत के अंदर
परिजनों का कहना है कि दोषियों को सख्त सजा दी जाए और प्रभावित परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। पुलिस के अनुसार, जिस इमारत के गिरने की घटना हुई उसके मालिक का नाम राहुल दुआ है। बताया जा रहा है कि वह टेंट हाउस का व्यवसाय करते थे। इमारत में पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य चल रहा था और वह नियमित रूप से इसकी निगरानी के लिए मौके पर आते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बारिश के दौरान वह इमारत के अंदर ही मौजूद थे, तभी अचानक यह ढह गई और यह हादसा हो गया।
